Home » सिंगर बॉनी टायलर का निधन, 75 की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
मनोरंजन

सिंगर बॉनी टायलर का निधन, 75 की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

मशहूर सिंगर बॉनी टायलर का 75 की उम्र में निधन हो गया है। वेल्स की बेहद लोकप्रिय पावर बैलेड गायिका की आधिकारिक वेबसाइट पर एक संदेश में कहा गया: “बॉनी के परिवार और टीम को यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि पुर्तगाल के एक अस्पताल में कल रात बॉनी का अचानक निधन हो गया। वह बीमारी का इलाज करवा रही थीं।”

दक्षिण वेल्स के स्क्यूएन की रहने वाली इस गायिका को मई में पुर्तगाल में आंत की इमरजेंसी सर्जरी के बाद इंड्यूस्ड कोमा में रखा गया था।पिछले महीने, उनके प्रवक्ता ने बताया था कि वह कोमा से बाहर आ गई थीं, लेकिन उनकी हालत “बहुत खराब थी और वह इंटेंसिव केयर में थीं”।

परिवार ने निजता बनाए रखने का अनुरोध किया  :  ‘टोटल एक्लिप्स ऑफ द हार्ट’ और ‘होल्डिंग आउट फॉर ए हीरो’ जैसे कई हिट सॉन्ग गाने वाली बॉनी टायलर की आज भी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है। परिवार ने फैंस को उनके निधन की सूचना देते हुए इंस्टाग्राम पोस्ट पर लिखा, ‘हम जल्द ही और जानकारी देंगे, लेकिन अभी हम इस दुखद घड़ी में निजता बनाए रखने का अनुरोध करते हैं।’

 ‘टोटल एक्लिप्स ऑफ द हार्ट’ 1 बिलियन बार सुना गया गाना :  8 जून, 1951 को वेल्स में जन्मीं बॉनी टायलर का असल नाम गेनर हॉपकिंस था। वह अपनी जादुई आवाज के लिए जानी जाती थीं। उनके गाने म्यूजिक चार्ट्स में टॉप पर बने रहते थे। 1977 में ‘इट्स ए हार्टएक’ गाने से बॉनी को खूब शाेहरत मिली। फिर 1983 में उन्होंने ‘टोटल एक्लिप्स ऑफ द हार्ट’ गाना गाया। इस गाने उन्हें सिंगिंग की दुनिया में सुपरस्टार बना दिया। यह गाना उस दौर में  बिलबोर्ड हॉट 100 पर चार हफ्ते तक नंबर 1 बना रहा था।
इस गाने के वीडियो को यूट्यूब पर 1 बिलियन से ज्यादा बार देखा गया है।

बॉनी को मिले कई अवॉर्ड :  बॉनी टायलर को तीन ग्रैमी अवॉर्ड्स और तीन ब्रिट अवॉर्ड्स के लिए नॉमिनेट किया गया था। 2022 में उन्हें क्वीन एलिजाबेथ सेकेंड द्वारा ‘ऑर्डर ऑफ द ब्रिटिश एम्पायर’ का सदस्य नियुक्त किया गया। बॉनी की पर्सनल लाइफ की बात करें तो उन्होंने रॉबर्ट सुलिवन से जुलाई 1973 में शादी की थी।

Search

Archives