Home » MP से BJP के तीनों प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित, रिटर्निंग अफसर ने रजनीश अग्रवाल, तरुण चुग और महेश केवट को सौंपा प्रमाण पत्र
भोपाल मध्यप्रदेश

MP से BJP के तीनों प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित, रिटर्निंग अफसर ने रजनीश अग्रवाल, तरुण चुग और महेश केवट को सौंपा प्रमाण पत्र

भोपाल। मध्य प्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी राजनीतिक सफलता हासिल की है। उसके तीनों उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए हैं। गुरुवार को विधानसभा परिसर में रिटर्निंग ऑफिसर अरविंद शर्मा ने भाजपा प्रत्याशी रजनीश अग्रवाल, तरुण चुग और महेश केवट को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपकर उनके निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की।

राज्यसभा चुनाव का राजनीतिक समीकरण उस समय पूरी तरह बदल गया था, जब कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र जांच के दौरान निरस्त कर दिया गया। इसके बाद भाजपा के तीनों उम्मीदवारों के निर्विरोध निर्वाचित होने का रास्ता लगभग साफ हो गया था।

गौरतलब है कि मप्र में रिक्त होने वाली तीन राज्यसभा सीटों के लिए भाजपा की तरफ से तरुण चुग, रजनीश अग्रवाल व महेश केवट को उम्मीदवार बनाया गया था। वहीं कांग्रेस ने राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार बनाया था। संख्याबल के हिसाब से दो सीट भाजपा और एक सीट कांग्रेस के खाते में जाती दिख रही थी। लेकिन नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी के दौरान मीनाक्षी नटराजन का पर्चा निरस्त हो गया। इसके बाद भाजपा के तीनों प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय हो गया था।

उधर, कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र को निरस्त किए जाने के मामले लेकर आज कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट पहुंची लेकिन सुप्रीम कोर्ट से उसे कोई बड़ी राहत नहीं मिल सकी। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले की सुनवाई की तारीख 12 जून, शुक्रवार को तय की।

Search

Archives