Home » MP राज्यसभा चुनाव : कांग्रेस को बड़ा झटका, मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद
भोपाल

MP राज्यसभा चुनाव : कांग्रेस को बड़ा झटका, मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद

भोपाल। मध्य प्रदेश के राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस को नामांकन के अगले दिन ही बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र रिटर्निंग ऑफिसर ने निरस्त कर दिया है। भाजपा द्वारा दर्ज कराई गई आपत्तियों पर दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद यह फैसला सुनाया गया।

नामांकन पत्रों की जांच के दौरान भाजपा ने आरोप लगाया था कि मीनाक्षी नटराजन ने अपने शपथ पत्र में महत्वपूर्ण जानकारियां छुपाई हैं। पार्टी का दावा था कि तेलंगाना की एक अदालत में लंबित मामले का उल्लेख नामांकन दस्तावेजों में नहीं किया गया, जबकि चुनावी प्रक्रिया में ऐसी जानकारी देना आवश्यक होता है।

भाजपा ने लगाए थे जानकारी छिपाने के आरोप :  भाजपा की ओर से दायर आपत्ति में कहा गया था कि कांग्रेस उम्मीदवार ने अपने खिलाफ न्यायिक प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी का खुलासा नहीं किया। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन ने अपने नामांकन पत्र और शपथ पत्र में तेलंगाना की अदालत से जुड़े प्रकरण का उल्लेख नहीं किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संपत्ति से संबंधित कुछ जानकारियां भी पूरी तरह घोषित नहीं की गईं। इसी आधार पर नामांकन को निरस्त किया गया।

सुनवाई के बाद आया फैसला :  मामले की गंभीरता को देखते हुए रिटर्निंग ऑफिसर ने भाजपा और कांग्रेस दोनों पक्षों को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया। कानूनी और दस्तावेजी पहलुओं की जांच के बाद नामांकन पत्र को अमान्य घोषित कर दिया गया।

भाजपा प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन तय :  बदले घटनाक्रम के बाद भाजपा के तरुण चुग, रजनीश अग्रवाल और नटराजन के विरुद्ध खड़े हुए भाजपा प्रत्याशी महेश केवट का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। संख्याबल के आधार पर दो सीट भाजपा को मिलनी थी और तीसरी कांग्रेस को। लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी के विरुद्ध भाजपा ने प्रत्याशी खड़ा कर मतदान की नौबत ला दी थी।

Search

Archives