Home » ‘लिव-इन’ का खौफनाक अंतः कवर्धा के रानी दहरा वाटरफॉल में मिली लाश
छत्तीसगढ़

‘लिव-इन’ का खौफनाक अंतः कवर्धा के रानी दहरा वाटरफॉल में मिली लाश

‘सावधान इंडिया’ स्टाइल में रची गई थी मर्डर मिस्ट्री, रिश्तों का कत्ल और टीवी शो से प्रेरित साजिश

कवर्धा । कवर्धा जिले के बोड़ला थाना क्षेत्र में हुई एक नृशंस हत्या ने सनसनी फैला दी है। एक प्रेमी ने अपनी ही लिव-इन पार्टनर को सिर्फ इसलिए मौत के घाट उतार दिया क्योंकि वह शादी की जिद कर रही थी।

वाटरफॉल में तैरती मिली थी लाश

बीती 19 मार्च को रानी दहरा वाटरफॉल में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। शव की हालत इतनी खराब थी कि शिनाख्त करना मुश्किल था। लेकिन कवर्धा पुलिस की मुस्तैदी ने महज कुछ दिनों में न केवल मृतका की पहचान की, बल्कि कातिलों तक भी जा पहुंची। मृतका की पहचान 24 वर्षीय सुखबती बैगा के रूप में हुई, जो दो बच्चों की मां थी।

शादी का दबाव और खूनी साजिश जांच में सामने आया कि सुखबती का मुंगेली के देवेंद्र जायसवाल (26) के साथ प्रेम प्रसंग था। दोनों पुणे में लिव-इन में रह रहे थे। जब सुखबती ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो देवेंद्र और उसके पिता केशव प्रसाद ने उसे रास्ते से हटाने का प्लान बनाया।

वारदात का तरीका, टीवी शो से ली प्रेरणा :आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए बाकायदा ‘क्राइम शो’ देखकर सबूत मिटाने के तरीके सीखे थे।
बहानाः आरोपी उसे घुमाने के नाम पर रानी दहरा वाटरफॉल लेकर आए।
हत्याः वहां देवेंद्र, उसके पिता और सहयोगी मनोज पटेल ने पत्थर से सिर कुचलकर सुखबती की हत्या कर दी।
साक्ष्यः शव को वाटरफॉल में फेंक दिया, ताकि वह डूब जाए या बह जाए।

पुणे से दबोचा गया मुख्य आरोपी

पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और लोकेशन के आधार पर मुख्य आरोपी देवेंद्र को पुणे से गिरफ्तार किया। कड़ाई से पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से ‘क्राइम सीन रिक्रिएशन’ भी कराया है, ताकि कोर्ट में पुख्ता सबूत पेश किए जा सकें।

मामले के मुख्य आरोपीः

देवेंद्र जायसवाल (प्रेमी)
केशव प्रसाद (प्रेमी का पिता)
मनोज पटेल (सहयोगी)

Search

Archives