भोपाल। नर्मदापुरम जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन पचमढ़ी में सोमवार सुबह एक होटल में हुए एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट से अफरा-तफरी मच गई। सुबह करीब 8ः30 बजे होटल सिनेरिटी में जोरदार धमाका हुआ, जिसकी तीव्रता इतनी थी कि करीब 20 मीटर दूर स्थित पांडव रिट्रीट तक कंपन महसूस किया गया। हादसे में होटल को भारी नुकसान पहुंचा है।
ब्लास्ट के समय होटल में ठहरे महाराष्ट्र के बुलढाना निवासी एक परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। इसके अलावा होटल का एक कुक भी आग की चपेट में आकर झुलस गया। घटना की सूचना मिलते ही पचमढ़ी थाना प्रभारी पदम सिंह मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल पचमढ़ी अस्पताल पहुंचाया गया।
थाने से महज 200 मीटर दूर होटल
होटल सिनेरिटी पचमढ़ी थाने से लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। यह होटल सतपुड़ा टाइगर रिजर्व पचमढ़ी के सहायक संचालक संजीव शर्मा का बताया जा रहा है, जिसे कांग्रेस नेता के भाई तुषार जायसवाल पिछले डेढ़ साल से किराए पर संचालित कर रहे हैं।
फोरेंसिक टीम जांच में जुटी, घायल पिपरिया रेफर
घटना की गंभीरता को देखते हुए नर्मदापुरम से फोरेंसिक टीम को मौके के लिए रवाना किया गया है, वहीं तहसीलदार भी घटनास्थल पर पहुंचे हैं। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए पिपरिया रेफर कर दिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर होटल परिसर को सील कर दिया गया है और किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रहीपुलिस जांच के दौरान होटल में एक कमर्शियल सिलेंडर मिला है। फिलहाल ब्लास्ट के कारणों की गहन जांच जारी है और ठोस वजह का पता लगाया जा रहा है।







