Home » मैहर में मंदबुद्धि किशोरी से दुष्कर्मः आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया
मध्यप्रदेश

मैहर में मंदबुद्धि किशोरी से दुष्कर्मः आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया

जबलपुर। मैहर जिले के रामनगर क्षेत्र में एक मंदबुद्धि नाबालिग के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। शौच के लिए जा रही किशोरी को आरोपित युवक ने बहला- फुसलाकर कमरे में ले जाकर बंधक बनाकर रखा और उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपित उसे घर के पास छोड़कर फरार हो गया।

शिकायत मिलने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और आरोपित को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे मैहर कारागार भेज दिया गया है।

सूने घर में ले जाकर दुष्कर्म

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रामनगर थाना क्षेत्र की निवासी महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसमें उसने बताया कि उसकी नाबालिग बेटी, जो बोलने में असमर्थ है, नित्यक्रिया के लिए बाहर गई थी। इसी दौरान आरोपित युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने चाचा के घर ले गया। आरोपित के चाचा उस घर में नहीं रहते हैं। आरोपित ने रात में उसके साथ दो बार दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। अगले दिन सुबह वह घर के बाहर पीड़िता को छोड़कर फरार हो गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित को अभिरक्षा में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद आवश्यक विवेचना पूर्ण कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपित को उपजेल मैहर में भेज दिया गया है।

इन धाराओं में दर्ज किया प्रकरण

पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपित के विरुद्ध धारा 137(2), 127(2), 64(2)(द्म), 64(2)(द्व), 65 बीएनएस, पॉक्सो एक्ट की धारा 5, 6 एवं दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम की धारा 92 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

Search

Archives