नई दिल्ली। भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के बाद स्वदेश वापस लौट गए हैं। गंभीर मंगलवार को नई दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे जहां उन्होंने बाहर निकलकर मीडिया से बातचीत की। भारत का प्रदर्शन इस सीरीज में ऐतिहासिक रहा और टीम पांच मैचों की सीरीज 2-2 से ड्रॉ कराने में सफल रही। भारत ने सोमवार को पांचवें टेस्ट में इंग्लैंड को छह रनों से हराकर सीरीज में बराबरी हासिल की थी।
एयरपोर्ट के बाहर गंभीर ने कहा, मैं खुश हूं और मुझे लगता है कि खिलाड़ी इसके हकदार थे। मोहम्मद सिराज ने शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि, सिर्फ सिराज ही नहीं, बल्कि पूरी टीम ने बेहतरीन खेल दिखाया। मेरे लिए कोई एक नाम लेना कठिन है, लेकिन चाहे शुभमन हो या सिराज या कोई और, मेरे ख्याल से पिछले दो महीनों में सभी ने अच्छा प्रदर्शन किया।
शुभमन गिल की कप्तानी को लेकर गंभीर ने कहा, ‘मुझे लगता है कि उन्होंने अपना काम शानदार तरीके से किया। मैं बस यही कह सकता हूं। गिल भारतीय क्रिकेट के लिए अच्छा काम करते रहेंगे।’ टेस्ट कप्तान के तौर पर गिल की यह पहली सीरीज थी और उन्होंने कप्तानी के साथ ही बल्लेबाजी में भी प्रभावित किया।







