प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से रिश्तों को तार-तार कर देना वाला एक मामला सामने आया है। पूरा मामला शिवकुटी थाना क्षेत्र का है, जहां एक शख्स ने अपनी ही 14 साल की नाबालिग भतीजी के रेप किया। यही नहीं विरोध करने पर उसने ज्वलनशील पदार्थ डालकर भतीजी को जला दिया। गंभीर अवस्था में उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक इलाज के दौरान लड़की को शुक्रवार रात होश आया तो उसने अपने भाई को पूरी बात बताई।
इसके बाद शनिवार को पीड़िता के भाई ने शिवकुटी थाना पुलिस को तहरीर दी। इस पर चाचा-चाची और नाना-नानी के खिलाफ हत्या की कोशिश समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। चाचा के खिलाफ रेप का भी मुकदमा लिखा गया है। पुलिस आरोपी चाचा-चाची को पकड़कर पूछताछ कर रही है।
लड़की के माता-पिता का हो चुका है निधन
बताया जा रहा है कि लड़की के माता-पिता का निधन हो चुका है। वह अपने नाना के घर पर रहती है, जबकि बड़ा भाई राजापुर क्षेत्र में रहकर पढ़ाई करता है। 29 मई को उसके भाई के मोबाइल पर चाची ने फोन किया और कहा कि बहन ने खुद को आग लगा लिया है. वह मौके पर पहुंचा तो उसकी बहन गंभीर रूप से झुलसी थी।
उसका चेहरा, हाथ, सीना, पैर जले थे। भाई आनन-फानन में बाइक से अपने छोटे भाई के साथ उसे स्वरूपरानी नेहरू ले गया और भर्ती कराया। वह कुछ नहीं बोल पा रही थी। शुक्रवार देर रात उसकी हालत में मामूली सुधार हुआ तो उसने अपने भाई को बताया कि चाचा उसे लगातार परेशान करता था। अश्लील हरकत करता था. उसके साथ रेप भी किया।
भाई ने पुलिस को दिखाया वीडियो
चाची को बताया तो चुप रहने की बात कही। विरोध करने पर चाचा ने ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर जला दिया। इसमें चाची ने भी साथ दिया। नाना-नानी भी कुछ नहीं बोले, बल्कि उन्हीं लोगों का साथ दिया। इसके बाद पीड़िता के भाई ने पुलिस को तहरीर दी। साथ ही अपनी बहन द्वारा बताई गई बातों का वीडियो भी पुलिस को दिखाया।
वीडियो में अस्पताल में भर्ती पीड़िता बता रही है कि उसे कई-कई दिन तक खाना नहीं दिया जाता था। बात-बात पर मारा-पीटा जाता था। मोबाइल फोन न होने के कारण वह किसी को यह बात भी नहीं बता पा रही थी। उसे घर से बाहर भी नहीं निकलने दिया जाता था।







