Home » पुलिस और सेना के जवान की हत्या के लिए पाकिस्तानी हैंडलर से ली सुपारी, एटीएस ने दबोचा
उत्तर प्रदेश

पुलिस और सेना के जवान की हत्या के लिए पाकिस्तानी हैंडलर से ली सुपारी, एटीएस ने दबोचा

लखनऊ। प्रतिबंधित शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े चार लोगों को यूपी एटीएस ने गिरफ्तार किया है। इनमें पंजाब के तीन युवक और एक नाबालिग शामिल है। आरोप है कि पाकिस्तानी हैंडलर राना भाई के कहने पर वे लखनऊ में पुलिस या सेना के किसी जवान की हत्या करने आए थे। इसके लिए उन्हें तीन लाख रुपये देने का वादा किया गया था। एटीएस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल और 20 कारतूस बरामद किए हैं।

एटीएस के मुताबिक, उसे सूचना मिली थी कि शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े पंजाब के कुछ युवक सेना या पुलिस के किसी प्रतिष्ठान पर हमला करने की फिराक में हैं। जांच में गगनदीप सिंह और उसके साथियों का नाम सामने आया। ये सभी पाकिस्तानी हैंडलर राना भाई के संपर्क में थे। एटीएस ने 30 अक्टूबर को लखनऊ से चारों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे 27 अक्टूबर को पंजाब के अमृतसर से दिल्ली होते हुए 29 अक्टूबरकी रात करीब 12 बजे लखनऊ पहुंचे थे। राना भाई ने उन्हें आने-जाने के किराये के लिए 2585 रुपये भेजे थे। लखनऊ पहुंचने के बाद उन्होंने रेलवे स्टेशन का वीडियो बनाकर उसे भेजा था।
आरोपियों के मुताबिक, राना भाई ने उन्हें बताया था कि पाकिस्तान से हथियार और कारतूस भेजे गए हैं। लखनऊ में उसके एक साथी ने उन्हें पिस्टल और कारतूस दिए थे। हत्या के बाद वीडियो बनाकर भेजने और तीन लाख रुपये देने का वादा किया गया था। इसके बाद उन्हें नेपाल जाकर छिपने के लिए कहा गया था।

एटीएस को आरोपियों के मोबाइल फोन में विदेशी नंबरों से बातचीत, संदिग्ध वीडियो और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की रेकी से जुड़ी जानकारी मिली है। आरोप है कि वे इन प्रतिष्ठानों की लोकेशन भी पाकिस्तानी हैंडलर को भेज रहे थे। इस मामले में एटीएस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। एटीएस अब आरोपियों के अन्य साथियों और इस साजिश में शामिल लोगों की तलाश के साथ ही पैसों के लेनदेन की जांच कर रही है।

गिरफ्तार किए गए आरोपी
गगनदीप सिंह (26), अमृतसर।
रजत कुमार (19), अमृतसर।
दिश (21), गुरदासपुर।
एक बाल अपचारी।