Home » इनकम टैक्स इंस्पेक्टर ने ऑफिस बिल्डिंग से कूदकर दी जान! कैंपस में मची चीख-पुकार
उत्तर प्रदेश

इनकम टैक्स इंस्पेक्टर ने ऑफिस बिल्डिंग से कूदकर दी जान! कैंपस में मची चीख-पुकार

2022 में भी की थी आत्महत्या की कोशिश, ऑफिस बंद होने के बाद पहुंचे आयकर भवन

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। इनकम टैक्स विभाग के रिकवरी इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र मौर्य ने गुरुवार देर शाम ऑफिस की सातवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद विभागीय कर्मचारियों और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

ऑफिस बंद होने के बाद पहुंचे आयकर भवन

जानकारी के मुताबिक 48 वर्षीय सुरेश चंद्र मौर्य शास्त्रीपुरम इलाके में पत्नी अलका और दो बच्चों के साथ रहते थे। गुरुवार शाम करीब 5.30 बजे उन्होंने घर पर कहा कि वह ऑफिस के काम से जा रहे हैं। इसके बाद वह एक्टिवा से संजय प्लेस स्थित आयकर भवन पहुंचे। बताया जा रहा है कि उस समय ऑफिस बंद हो चुका था और ज्यादातर कर्मचारी जा चुके थे। गेट पर मौजूद सुरक्षाकर्मी ने उन्हें अंदर जाते देखा।

15 मिनट बाद आई गिरने की आवाज

करीब 15 मिनट बाद बिल्डिंग से किसी के गिरने की तेज आवाज सुनाई दी। जब सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे तो सुरेश मौर्य खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे। मौके पर ही उनकी मौत हो चुकी थी।

कार की जगह स्कूटी से पहुंचे थे

सुरक्षाकर्मियों के मुताबिक, सुरेश मौर्य रोजाना अपनी वैगनआर कार से दफ्तर आते थे, लेकिन घटना वाले दिन वह एक्टिवा से पहुंचे थे। इस बात ने भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

मानसिक तनाव में थे इंस्पेक्टर

सहकर्मियों ने बताया कि सुरेश मौर्य लंबे समय से मानसिक तनाव में थे और ऑफिस में ज्यादा बातचीत नहीं करते थे। बताया गया कि उनकी कुछ पारिवारिक परेशानियां भी चल रही थीं। वर्ष 2022 में भी उन्होंने आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन समय रहते उनकी जान बचा ली गई थी।

पुलिस जांच में जुटी

डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पत्नी और बेटे का रो-रोकर बुरा हाल

घटना की सूचना मिलते ही पत्नी अलका और बेटा सूरज मौके पर पहुंचे। पति का शव देखकर पत्नी बेसुध हो गईं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

जरूरी सूचना

अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आत्महत्या जैसे विचार आ रहे हैं, तो तुरंत मदद लें। यह एक गंभीर मेडिकल इमरजेंसी है। भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन- 18002333330 टेली-मानस हेल्पलाइन – 1800914416

Search

Archives