Home » Asian Para Games 2026 : दीप्ति जीवनजी ने 400 मीटर रेस में जीता गोल्ड मेडल, बनाया रिकॉर्ड
खेल

Asian Para Games 2026 : दीप्ति जीवनजी ने 400 मीटर रेस में जीता गोल्ड मेडल, बनाया रिकॉर्ड

एशियन पैरा गेम्स 2026 में दीप्ति जीवनजी ने महिलाओं की 400 मीटर T20 स्पर्धा में 56.36 सेकंड का समय निकालकर गोल्ड मेडल जीता और नया गेम्स रिकॉर्ड बनाया।

एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। 20 अक्टूबर को एथलेटिक्स में दीप्ति जीवनजी ने ऐसा कमाल किया कि गोल्ड मेडल के साथ नया गेम्स रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उन्होंने महिलाओं की 400 मीटर टी20 स्पर्धा में 56.36 सेकंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया। यह भारत के लिए प्रतियोगिता का पांचवां गोल्ड मेडल है और दूसरे दिन देश को मिला पहला स्वर्ण पदक भी है।

पेरिस पैरालंपिक 2024 की कांस्य पदक विजेता दीप्ति ने रेस में शुरुआत से ही दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने जापान की अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी नीना कानो को दो सेकंड से भी ज्यादा के अंतर से पीछे छोड़ दिया। कानो ने 58.92 सेकंड के समय के साथ रजत पदक जीता, जबकि जापान की अकाने काटो 1 मिनट 0.26 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीतने में सफल रहीं। दीप्ति की इस उपलब्धि से भारतीय दल को नई ऊर्जा मिली है। उनका प्रदर्शन यह भी दिखाता है कि भारतीय पैरा एथलीट अंतरराष्ट्रीय मंच पर लगातार अपनी छाप छोड़ रहे हैं।

भाविना पटेल ने दिलाया ब्रॉन्ज मेडल

भारत की अनुभवी पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना पटेल को महिला एकल क्लास 4-5 स्पर्धा में कांस्य पदक मिला। सेमीफाइनल में उन्हें चीन की झांग बियान के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। झांग ने यह मुकाबला 11-7, 11-5, 11-7 से अपने नाम किया।टोक्यो पैरालंपिक 2020 में सिल्वर मेडल जीत चुकीं भाविना इस हार के साथ एकल स्पर्धा से बाहर हो गईं। हालांकि, सेमीफाइनल तक पहुंचने के कारण उन्होंने भारत के पदक खाते में ब्रॉन्ज मेडल जोड़ा।

पैरा बैडमिंटन में भी मेडल की उम्मीद पक्की

पैरा बैडमिंटन में प्रमोद भगत और मनीषा रामदास की भारतीय मिश्रित जोड़ी ने सेमीफाइनल में जगह बनाकर अपना पदक पक्का कर लिया है। SL3-SU5 वर्ग के क्वार्टर फाइनल में भारतीय जोड़ी ने थाईलैंड के चनिडा श्रीनावाकुल और सिरिपोंग टीमारोम को सीधे गेमों में 21-15, 21-14 से हराया। यह मुकाबला केवल 25 मिनट चला। सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही भारतीय जोड़ी का कम से कम ब्रॉन्ज मेडल जीतना तय हो गया है। अब उनकी नजरें मुकाबले में आगे बढ़कर मेडल का रंग बदलने पर होंगी।

तीरंदाजी में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

एशियन पैरा गेम्स की तीरंदाजी स्पर्धाओं में भी भारतीय खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। हरविंदर सिंह और भावना ने रिकर्व वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, कंपाउंड वर्ग में शीतल देवी, पायल नाग, तोमन कुमार और श्याम सुंदर स्वामी ने भी अंतिम आठ में प्रवेश कर लिया।

Search