कोरबा। बीती रात मानिकपुर चौकी अंतर्गत मुड़ापार दशहरा मैदान में रावण दहन कार्यक्रम के दौरान चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई। घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार मुड़ापार में रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस दौरान मैदान में लगे साउंड बॉक्स में डांस को लेकर विवाद हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट को भी मौके पर बुलाया और साक्ष्य जुटाए। लाइव वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है। मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने रातभर पतासाजी कर तीन आरोपियों बिट्टू चौहान, विजय चौहान और सीपू चौहान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। पुलिस ने धारदार हथियार को जब्त कर लिया है, वहीं फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों को सबक सिखाने के लिए उनका आधा सिर भी मुंडवा दिया है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।







