Home » मुड़ापार हत्याकांड मामले में फरार चौथा आरोपी भी गिरफ्तार, तीन को भेजा गया जेल
कोरबा

मुड़ापार हत्याकांड मामले में फरार चौथा आरोपी भी गिरफ्तार, तीन को भेजा गया जेल

कोरबा।  मुड़ापार हत्याकांड मामले में  पुलिस ने फरार चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए सभी आरोपियों में से तीन को जेल भेज दिया गया है, वहीं एक नाबालिग को आब्जर्वेशन होम भेजा गया है।

बता दें  बीती रात मानिकपुर चौकी अंतर्गत मुड़ापार दशहरा मैदान में रावण दहन कार्यक्रम के दौरान चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मुड़ापार में रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस दौरान मैदान में लगे साउंड बॉक्स में डांस को लेकर विवाद हो गया।

बताया जा रहा है कि डांस के दौरान 22 वर्षीय रेलवे कॉलोनी निवासी राहुल कुमार उर्फ गोल्डन का मुड़ापार निवासी बिट्टू चौहान के साथ विवाद हो गया। जिसके चलते राहुल ने बिट्टू चौहान को धक्का देकर थप्पड़ मार दिया। इसके बाद बिट्टू का दोस्त विजय चौहान वहां पहुंचा तो राहुल ने उसे भी थप्पड़ जड़ दिया।
इस बात से गुस्साए बिट्टू, विजय और उनके साथी सीपू चौहान समेत अन्य ने रावण दहन स्थल के पीछे गली में ले जाकर राहुल पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी फैल गई। घायल हालत में राहुल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट को भी मौके पर बुलाया और साक्ष्य जुटाए। लाइव वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई । पुलिस ने रातभर पतासाजी कर तीन आरोपियों बिट्टू चौहान, विजय चौहान और सीपू चौहान को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी फरार था, उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के आधा सिर मुंडवाकर जुलुस भी निकाला। पकड़े गए सभी आरोपियों में से तीन को जेल भेज दिया गया है, वहीं एक नाबालिग को आब्जर्वेशन होम भेजा गया है।

Search