नानौता (सहारनपुर)। दिल्ली – यमुनोत्री हाईवे पर जम्बूगढ़ गांव के पास रविवार दोपहर अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक सवार दंपती व दो साल की बच्ची खुले नाले में गिर गए। लोगों ने पति और बच्ची को तो बाहर निकाल लिया, जबकि महिला की दलदल में दम घुटने से मौत हो गई। स्वजन ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव का गांव में अंतिम संस्कार किया। लोगों ने खुले नाले को लेकर आक्रोश जताया है।
नानौता थानाक्षेत्र के गांव जम्बूगढ़ निवासी दीपक अपनी पत्नी 30 वर्षीय रेखा और दो वर्षीय बेटी परी के साथ नानौता बाजार गए थे। दोपहर करीब दो बजे वह गांव लौट रहे थे, तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक असंतुलित होकर सड़क किनारे गहरे नाले में जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों की मदद से दीपक और उसकी पुत्री को नाले से बाहर निकाला गया, जबकि रेखा नाले की दलदल में धंस गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दलदल में फंसने से उसका दम घुट गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
नानौता देहात की प्रधान नीरज सिंह ने बताया कि नाले को कवर कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए पहले भी अधिकारियों को पत्र लिखे हैं। रेखा की शादी करीब छह माह पहले हुई थी। महिला की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
थाना प्रभारी नानौता नवीन कुमार सैनी के अनुसार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपती नाले में गिर गए थे, जिसमें महिला की मौत हो गई है। स्वजन की तरफ से तहरीर नहीं मिली है।







