यूपी /लखनऊ। लखनऊ में सोमवार को एक डबल डेकर बस पलट गई। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई और 16 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि ड्राइवर को झपकी आ गई जिससे ये बड़ा हादसा हो गया। ये डबल डेकर बस लुधियाना से दरभंगा जा रही थी। गोसाईगंज थाने के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा हो गया। KGMU के ट्रामा सेंटर में घायलों को इलाज के लिए भर्ती किया गया है। गंभीर रूप से घायलों को ग्रीन कॉरिडोर बना कर ट्रामा सेंटर ले जाया गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। क्रेन से बस को उठाया गया और मौके पर एंबुलेंस बुलाई गई। आसपास मौजूद लोग घायलों की मदद के लिए आगे आए। घटनास्थल पर पुलिस की टीम पहुंची। हादसे पर पुलिस ने कहा कि इस हादसे में एक महिला, एक पुरुष और तीन बच्चों की दुखद मौत हो गई। घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। आगे की कार्रवाई के आदेश दे दिए गए हैं।
कुछ लोग क्रिटकल हैं- डिविजनल कमिश्नर : लखनऊ के डिविजनल कमिश्नर विजय विश्वास पंत ने कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता घायलों का इलाज है। हमारी कोशिश है कि जान-माल का नुकसान कम से कम हो। गंभीर रूप से घायल लोगों को रेफर किया गया है। कुछ लोग क्रिटकल हैं।







