3 राज्यों को दहलाने का था प्लान
लखनऊ। एटीएस ने पिछले सप्ताह गिरफ्तार किए गए आतंकियों के मोबाइल से बम ब्लास्ट के कई वीडियो बरामद किए हैं। यह वीडियो पिछले कुछ समय में विदेश में हुई बड़ी आतंकी वारदातों से संबंधित हैं। इन वीडियो को देखकर चारों आतंकी बम ब्लास्ट करने के तरीके सीख रहे थे।
सूत्रों के अनुसार एटीएस की पूछताछ में आतंकियों ने यह भी स्वीकार किया है कि उन्हें यह वीडियो पाकिस्तानी आतंकी संगठन से जुड़े उनके हैंडलर ने भेजी थी।
एटीएस के सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आतंकियों ने ब्लास्ट के वीडियो देखकर उत्तर प्रदेश, पंजाब व कर्नाटक में आतंकी वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी। साकिब ने खिलौना कार में बम फिट करने का प्रशिक्षण भी लिया था। पाकिस्तानी हैंडलर ने उसे पंजाब के एक तस्कर से विस्फोटक सामग्री उपलब्ध कराने का वादा किया था। साकिब जिस मोबाइल को इस्तेमाल करता था, उसमें पंजाब के कई लोगों के नंबर भी मिले हैं। इन नंबरों पर साकिब ने कितनी बार बात की है इसकी जानकारी जुुटाई जा रही है।







