Home » प्रेमी ने की प्रेमिका और उसके 3 साल के मासूम की बेरहमी से हत्या, आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश

प्रेमी ने की प्रेमिका और उसके 3 साल के मासूम की बेरहमी से हत्या, आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

झांसी। लहचूरा क्षेत्र में पांच अप्रैल को मिले अज्ञात महिला के शव की शिनाख्त के बाद सामने आई घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। पुलिस जांच में पता चला कि प्रेम संबंधों के विवाद में आरोपित ने न सिर्फ महिला की निर्मम हत्या की, बल्कि उसके तीन वर्षीय मासूम बेटे को भी मौत के घाट उतारकर शव जला दिया।

सूत्रों के अनुसार, बुधवार देर रात मुठभेड़ के बाद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। ग्राम बरौटा में सड़क़ किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिला था, जिस पर धारदार हथियार के गहरे घाव थे। पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या मानते हुए जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को ग्राम प्रधान रामप्रसाद से सूचना मिली कि मिशन शक्ति केंद्र में दर्ज शिकायतों के माध्यम से महिला की पहचान हो सकती है।

पुलिस ने संबंधित शिकायतों में दर्ज पीड़िताओं के मोबाइल नंबरों पर संपर्क साधना शुरू किया। जांच के क्रम में पुलिस ने एक शिकायतकर्ता हेमलता से फोन पर संपर्क किया, जो उस समय दिल्ली में थी। बातचीत के दौरान हेमलता ने बताया कि उसका पति चतुर्भुज गुजरात के बलसाड़ जिले की रहने वाली नीलू नाम की महिला को अपने साथ रखे हुए था, जिससे उसके अवैध संबंध थे। नीलू अपने तीन वर्षीय पुत्र कृष्णा के साथ झांसी आई थी। कुछ दिन बाद नीलू ने अपने पति के पास लौटने की बात कही, जिस पर दोनों के बीच विवाद हो गया।

आरोप है कि इसी विवाद में चतुर्भुज ने कुल्हाड़ी से नीलू की हत्या कर दी। इसके बाद उसने मासूम कृष्णा को भी मार डाला और शव को भूसे के ढेर में रखकर आग लगा दी, ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें। महिला का शव सडक़ किनारे फेंक दिया गया। पुलिस ने हेमलता की सूचना के आधार पर सात अप्रैल को मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई तेज की और मौके से बच्चे की जली हुई हड्डियां बरामद कीं।

Search

Archives