चेन्नई सुपर किंग्स की टीम अपने घर पर लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ आईपीएल 2026 का मुकाबला खेल रही है, जिसमें उसे 204 रनों का टारगेट मिला है। इस मैच में सीएसके की टीम ने 45 के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे 27 साल के उर्विल पटेल ने ऐसी तूफानी पारी खेली जिससे उन्हें कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। इस मैच में उर्विल ने सिर्फ 23 गेंदों में 65 रनों की शानदार पारी खेली तो वहीं 13 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली थी। उर्विल ने अपनी इस पारी के दम पर एबी डिविलियर्स का 11 साल पुराना एक बड़ा रिकॉर्ड भी चकनाचूर करने का काम किया।
IPL में सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले बल्लेबाज
- यशस्वी जायसवाल – 13 गेंदें बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स (साल 2023, कोलकाता)
- उर्विल पटेल – 13 गेंदें बनाम लखनऊ सुपर जाएंट्स (साल 2026, चेन्नई)
- केएल राहुल – 14 गेंदें बनाम दिल्ली कैपिटल्स (साल 2018, मोहाली)
- पैट कमिंस – 14 गेंदें बनाम मुंबई इंडियंस (साल 2022, पुणे)
- रोमारियो शेफर्ड – 14 गेंदें बनाम चेन्नई सुपर किंग्स (साल 2025, बेंगलुरु)
उर्विल पटेल इस मामले में आईपीएल में बने पहले खिलाड़ी
आईपीएल के इतिहास में अभी तक एक से एक आक्रामक बल्लेबाज देखने को मिले हैं, लेकिन उर्विल पटेल ने एक ऐसा कारनामा किया जो इससे पहले कोई भी बल्लेबाज करने में कामयाब नहीं हो सका था। उर्विल पटेल आईपीएल में अब पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जो अपनी पारी की पहली 8 गेंदों में छह छक्के लगाने में कामयाब हुए हैं। वहीं इसके अलावा पहली 10 गेंदों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी उर्विल पटेल बन गए हैं जिसमें उन्होंने एबी डिविलियर्स के रिकॉर्ड को तोड़ा है जिन्होंने साल 2015 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में अपनी पारी की पहली 10 गेंदों में 41 रन बनाए थे ।







