स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को भारतीय क्रिकेट टीम जब श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए मैदान में उतरेगी तो वह एक ऐतिहासिक मैच होगा। दुनिया की केवल दो ही टीमें ऐसी हैं, जो अब तक 600 टेस्ट मैच खेल पाई हैं, अब उसमें भारत का नाम भी शामिल हो जाएगा। ये एक बड़ी उपलब्धि होगी, जो भारत की आजादी की वर्षगांठ के दिन मिलेगी। इस बीच टीम इंडिया श्रीलंका पहुंच चुकी है और जल्द ही तैयारी भी शुरू हो जाएगी।
600 टेस्ट का आंकड़ा पार कर चुकी हैं इंग्लैंड व ऑस्ट्रेलिया : अब तक केवल दो ही टीमें ऐसी हैं, जो 600 टेस्ट का आंकड़ा पार कर चुकी हैं। सबसे ज्यादा टेस्ट तो इंग्लैंड ने ही खेले हैं। टीम अब तक 1097 टेस्ट खेल चुकी है। उसकी बराबरी करना किसी के लिए भी करीब-करीब असंभव जैसा है। इंग्लैंड ने अपना पहला टेस्ट 1877 में खेला था। इसके बाद दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया की टीम है। ऑस्ट्रेलिया ने भी अपना पहला टेस्ट साल 1877 में ही खेला था। तब से लेकर अब तक टीम 882 टेस्ट खेल चुकी है।
अब तक ऐसे रहे हैं भारत के टेस्ट आंकड़े : भारत की बात करें तो भारत ने अपना पहला टेस्ट साल 1932 में खेला था। तब से लेकर अब तक टीम 599 टेस्ट खेल चुकी है। इस दौरान भारत ने 186 टेस्ट मैच जीते हैं और 188 में हार का सामना करना पड़ा है। 224 मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त हुए हैं। केवल एक ही मैच ऐसा हुआ, जो टाई पर समाप्त हुआ है।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेली जाएगी सीरीज : अब जब 15 अगस्त को आजादी के पर्व पर 15 अगस्त को भारत और श्रीलंका की टीमें भिड़ेंगी तो रोमांच अपने चरम पर होगा। चूंकि ये सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेला जाएगा, इसलिए इसका अहमियत और बढ़ जाती है। देखना होगा कि पांच दिन तक चलने वाले इस मैच में टीमें किस तरह का प्रदर्शन करती हैं।







