भारत की ओर से अभिषेक ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए : लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी बेहद खराब रही। जिम्बाब्वे ने पावरप्ले में ही तीन विकेट गंवा दिए थे और फिर वह संभल ही नहीं सकी। जिम्बाब्वे के लिए सबसे ज्यादा रन ब्रायन बेनेट ने बनाए जो 32 रन बनाकर आउट हुए। इसके अलावा तदिवानाशे मारुमनी ने 24, रेयान बर्ल ने 20 और ब्रैड इवांस ने 19 रन बनाए। भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए, जबकि डेब्यू मैच खेलने वाले यश ठाकुर और प्रिंस यादव को दो-दो विकेट मिले। रवि बिश्नोई, शिवम दुबे और तिलक वर्मा को एक-एक विकेट मिले।
ईशान और तिलक की जबरदस्त साझेदारी : इससे पहले, जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। ईशान किशन और तिलक वर्मा के अर्धशतकों की मदद से भारत ने जिम्बाब्वे के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। टीम इंडिया ने 29 के स्कोर तक अपने दो विकेट खो दिए थे। ईशान ने तिलक के साथ साझेदारी से पहले कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 66 रन जोड़े। फिर ईशान और तिलक के बीच चौथे विकेट के लिए 94 रनों की साझेदारी हुई। ईशान ने सबसे ज्यादा 44 गेंदों पर नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से 81 रन बनाए। वहीं, तिलक 29 गेंदों पर पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 60 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से श्रेयस ने 25, वैभव सूर्यवंशी ने 20, रिंकू सिंह ने 12 और अभिषेक शर्मा ने आठ रन बनाए। शिवम दुबे छह रन बनाकर नाबाद रहे। जिम्बाब्वे के लिए ब्लेसिंग मुजरबानी, रिचर्ड नगारवा, ब्रैड इवांस, न्यूमैन नयामहुरी और ब्रायन बेनेट ने एक-एक विकेट लिए।
भारत के नाम अनूठा रिकॉर्ड : टीम इंडिया ने एक कैलेंडर ईयर में नौवीं बार टी20 क्रिकेट में 200+ का आंकड़ा छुआ है। इसी के साथ भारत ने कैलेंडर वर्ष में टी20 क्रिकेट के दौरान सबसे ज्यादा बार इस आंकड़े को छूने के मामले में अपने ही रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इससे पहले, टीम इंडिया ने साल 2024 में 9 बार टी20 क्रिकेट में 200+ रनों का आंकड़ा छुआ था। साल 2023 में भारत ने सात बार ऐसा किया।







