वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच टेस्ट सीरीज शुरू होने जा रही है। दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 25 जुलाई को खेला जाएगा। इससे पहले एक बड़ी और अहम खबर सामने आ रही है। वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज अल्जारी जोसफ ने खुद ही पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से मना कर दिया है। इस बात का खुलासा टीम के हेड कोच डैरेन सैमी ने किया है।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच टेस्ट सीरीज शुरू हो रही है। सीरीज के लिए वेस्टइंडीज की ओर से टीम का ऐलान किया गया है। इस बीच वेस्टइंडीज के हेड कोच डैरेन सैमी ने कहा है कि अल्जारी जोसफ ने पाकिस्तान के खिलाफ दो मैच खेलने से मना किया है। सैमी ने कहा कि जोसेफ ने खुद ही खेलने से इन्कार किया है।
निजी कारणों का हवाला देकर अल्जारी ने खेलने से किया मना : जब सैमी से इसका कारण पूछा गया तो उन्होंने निजी कारणों का हवाला दिया। साथ ही ये भी जोड़ा कि ये फैसला उनके निजी अधिकारों से बाहर का है। सैमी ने कहा कि ये निर्णय वेस्टइंडीज बोर्ड करेगा कि अगर कोई खिलाड़ी सीरीज खेलने इन्कार करता है तो क्या करना चाहिए। अल्जारी जोसफ वेस्टइंडीज बोर्ड के अनुबंधित खिलाड़ी हैं। ऐसे में उनका ये फैसला भारी भी पड़ सकता है।
पाकिस्तान बनाम वेस्टइंडीज पहला मैच 25 जुलाई को पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला जाएगा : पाकिस्तान की बात की जाए तो टीम पहले ही वेस्टइंडीज पहुंच चुकी है। पहला मैच 25 जुलाई को भारतीय समय अनुसार शाम साढ़े सात बजे से पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला जाना है, जो कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा है। इस बार WTC यानी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिक में पाकिस्तान टीम सबसे नीचे हैं, वेस्टइंडीज की टीम उससे एक पायदान आगे है। यानी दो नीचे की टीमों के बीच ये मुकाबला खेला जाएगा। जाहिर है कि जब मैच खत्म होगा, तब अंक तालिका की रैंकिंग में नहीं तो कम से कम पीसीटी में तो बदलाव जरूर आएगा।







