Home » पहले टेस्ट मैच में पाकिस्तान को 104 रन से हराकर बांग्लादेश ने दर्ज की शानदार जीत
खेल

पहले टेस्ट मैच में पाकिस्तान को 104 रन से हराकर बांग्लादेश ने दर्ज की शानदार जीत

बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ ढाका में खेले गए दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में 104 रन से जीत हासिल की है। शान मसूद की अगुआई में खेल रही पाकिस्तान टीम 268 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 163 रन पर सिमट गई। इस तरह बांग्लादेश ने 104 रन से पहले टेस्ट अपने नाम किया और सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की।

बांग्लादेश की पहली पारी :  ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में हुए इस टेस्ट में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 413 रन बनाए थे। मोमिनुल हक ने 91 रन की पारी खेली। वहीं, कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने 12 चौके और दो छक्के की मदद से 101 रन की शानदार पारी खेली। मुशफिकुर रहीम ने 71 रन बनाए। इसके अलावा लिटन दास ने 31 रन और तस्कीन अहमद ने 19 गेंद में 28 रन की तूफानी पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद अब्बास ने पांच विकेट लिए। वहीं, शाहीन अफरीदी को तीन विकेट मिले। हसन अली और नोमान अली को एक-एक विकेट मिला।
पाकिस्तान की पहली पारी :  413 रन का पीछा करते हुए पाकिस्तान की पहली पारी 386 रन पर सिमट गई। अजान अवैस ने 14 चौके की मदद से 103 रन बनाए। इसके अलावा इमाम उल हक ने 45 रन और अब्दुल्ला फजल ने 60 रन की पारी खेली। मोहम्मद रिजवान ने 59 रन और सलमान आगा ने 58 रन बनाए। कप्तान शान मसूद नौ रन और सऊद शकील खाता नहीं खोल सके। बांग्लादेश की ओर से मेहदी हसन मिराज ने पांच विकेट झटके। वहीं, तस्कीन अहमद और तैजुल इस्लाम को दो-दो विकेट मिले। नाहिद को एक विकेट मिला।
बांग्लादेश की दूसरी पारी :  बांग्लादेश को पहली पारी के आधार पर 27 रन की बढ़त मिली। अपनी दूसरी पारी में बांग्लादेश ने नौ विकेट पर 240 रन बनाए और पारी घोषित कर दी। मोमिनुल हक ने 56 रन की पारी खेली। वहीं, कप्तान नजमुल शांतो ने 87 रन बनाए। मुशफिकुर ने 22 रन और मिराज ने 24 रन की पारी खेली। इस तरह बांग्लादेश ने 267 रन की कुल बढ़त हासिल की और पाकिस्तान के सामने 268 रन का लक्ष्य रखा। पाकिस्तान की ओर से दूसरी पारी में नोमान अली और हसन अली ने तीन-तीन विकेट लिए। वहीं, शाहीन को दो विकेट मिले। अब्बास ने एक विकेट लिया।

पाकिस्तान की दूसरी पारी :  जवाब में पाकिस्तान की दूसरी पारी 163 रन पर सिमट गई। अब्दुल्लाह फजल ने सबसे ज्यादा 66 रन बनाए। इसके अलावा कोई बल्लेबाज 50 का आंकड़ा नहीं पार कर सका। सलमान आगा ने 26 रन और रिजवान-अवैस ने 15-15 रन बनाए। इनके अलावा कोई पाकिस्तानी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। बांग्लादेश की ओर से नाहिद राणा ने पांच विकेट लिए। वहीं, तैजुल इस्लाम और तस्कीन अहमद को दो-दो विकेट मिले। मिराज ने एक विकेट लिया। दोनों टीमों के बीच दूसरा टेस्ट 16 मई से सिलहट में खेला जाएगा।

Search

Archives