जैसलमेर। जिले से एक शर्मनाक और चौंकाने वाले घटना सामने आई है। यहां एक महिला पर्यटक द्वारा एक 70 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति के साथ अश्लील वीडियो शूट करने और फिर उसके सोशल मीडिया पर वायरल होने की घटना ने पूरे प्रशासनिक तंत्र को हिलाकर रख दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार यह वीडियो किसी सुनसान रेगिस्तानी इलाके का है, जहां एक महिला और उसके साथी ने पास ही मवेशी चरा रहे एक वृद्ध व्यक्ति को बुलाकर उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और इसे कैमरे में रिकॉर्ड कर वायरल कर दिया। यह वीडियो किस उद्देश्य से बनाया गया, इसमें बुजुर्ग की सहमति थी या नहीं और इसे किसने वायरल किया इन सभी पहलुओं की अब जांच की जा रही है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वीडियो वायरल होते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जोधपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए तनोट थाना पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
तनोट थाना प्रभारी ओमकरण चारण ने मीडिया को बताया कि पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत आईटी एक्ट में प्रकरण दर्ज कर लिया है और वीडियो के तकनीकी विश्लेषण के साथ-साथ वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान और उनकी भूमिका को लेकर जांच प्रारंभ कर दी गई है।







