राजस्थान के धौलपुर जिले के सरमथुरा उपखंड क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हो गया। आंगई थाना क्षेत्र के बिरजा इलाके में एक तालाब में डूब रहे भाई को बचाने के प्रयास में उसकी तीन बहनें भी गहरे पानी में चली गईं। हादसे में चारों भाई-बहनों की मौत हो गई।
रविवार सुबह करीब छह बजे रवि परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पास के तालाब में नहाने गया। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भाई को डूबता देख उसकी दो सगी बहनें मनोरमा और बोटो, जबकि चचेरी बहन कल्लो उसे बचाने के लिए कुंड में उतर गईं। भाई को बचाने के प्रयास में तीनों बहनें भी गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं। हादसे की सूचना मिलने पर आंगई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। परिवार के अन्य सदस्यों और ग्रामीणों की मदद से चारों को कुंड से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
आंगई थाना प्रभारी कृपाल सिंह के अनुसार मृतकों में रवि (21) , सगी बहन मनोरमा (22) और बोटो (25), तथा चचेरी बहन कल्लो (18) शामिल हैं। सभी नथुआपुरा मोरोली, थाना कोतवाली, जिला धौलपुर के निवासी थे।







