दिल्ली। अक्षरधाम मंदिर में जी 20 समिट के लिए आए यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने अपनी पत्नी अक्षता मूर्ति संग अक्षरधाम मंदिर में माथा टेका एवं मंदिर परिसर की पूजा-अर्चना की। ऋषि सुनक और उनकी पत्नी अक्षता मूर्ति को एक खास तोहफा भी दिया गया है। यहां उनको मंदिर का एक मॉडल गिफ्ट में दिया।
अक्षरधाम मंदिर के निदेशक ज्योतिंद्र दवे ने बताया कि, ऋषि सुनक मंदिर में काफी देर तक रहे, उनकी पूजा बहुत देर तक चली। इस दौरान उनके साथ आए लोग कह रहे थे कि, हमारे पास समय कम है, लेकिन हम उनको कैसे रोक सकते थे? उन्होंने यहां पूरी श्रद्धा से पूजा की। हमने आज जो देखा वह पूरी तरह से सच बात है। उनकी आंखों, क्रियाओं में जो प्रेम, भक्ति थी वह एक राजकीय नेता या प्रधानमंत्री की नहीं, बल्कि एक भक्त की थी। हमने ऋषि सुनक को पूरा अक्षरधाम मंदिर दिखाया और बाद में उनको मंदिर का एक मॉडल भी गिफ्ट में दिया ताकि उनको मंदिर की याद रहे। उनके साथ उनकी पत्नी भी थीं। ऋषि सुनक और उनकी पत्नी दोनों ही एकदम श्रद्धावान इंसान हैं। प्रधानमंत्री सुनक ने कहा था कि उन्हें हिंदू होने पर गर्व है।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक हाल ही में इंग्लैंड में आयोजित मोरारी बापू की कथा में पहुंचे थे। यहां उन्होंने रामायण जी की आरती की थी। कथा को संबोधित करने की शुरुआत ब्रिटिश पीएम ने जय श्री राम के जयकारे के साथ की थी। इस दौरान उन्होंने कहा था कि हिंदू धर्म उनके जीवन के हर पहलू में उनका मार्गदर्शन करता है और उन्हें ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के रूप में सर्वश्रेष्ठ करने का साहस देता है। संबोधन के दौरान उन्होंने कहा था कि मैं यहां एक हिंदू के रूप में आया हूं। मेरे लिए धर्म बहुत व्यक्तिगत मामला है। प्रधानमंत्री बनना एक बहुत बड़ा सम्मान है, लेकिन यह आसान काम नहीं है। उन्होंने कहा कि हमें कई कठिन फैसले लेने होते हैं, कठिन विकल्प होते हैं और मेरा धर्म मुझे अपने देश के लिए सर्वश्रेष्ठ काम करने की साहस और शक्ति देता है।
पिछले साल अक्तूबर में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद से प्रधानमंत्री के रूप में ऋषि सुनक की यह पहली भारत यात्रा है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत और ब्रिटेन इतिहास और संस्कृति के मजबूत संबंधों से बंधे हैं। यूके के साथ भारत के बहुआयामी द्विपक्षीय संबंध 2004 में रणनीतिक साझेदारी में अपग्रेड होने के साथ मजबूत हुए।







