फ्रांस और स्लोवाकिया के छह दिवसीय दौरे पर प्रधानमंत्री मोदी
नई दिल्ली। फ्रांस और स्लोवाकिया की छह दिवसीय यात्रा के पहले चरण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को फ्रांसीसी शहर नीस पहुंच गए। पीएम मोदी इन दोनों देशों की द्विपक्षीय आधिकारिक यात्रा करने के साथ ही फ्रांस में जी-7 शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा के दौरान प्रौद्योगिकी क्षेत्र में चर्चा काफी अहम रहेगी, लेकिन उनकी वैश्विक नेताओं के साथ होने वाली बैठकों पर भी नजर रहेगी।
पीएम मोदी की फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों के साथ होने वाली वार्ता में दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करेंगे। अमेरिकी मीडिया ने अधिकारियों के हवाले से खबर दी है कि राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप 17 जून को जी-7 की बैठक से इतर प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात करेंगे।
पिछले साल फरवरी में वाशिंगटन में हुई मुलाकात के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली बैठक होगी। भारत-अमेरिका के संबंधों में उतार-चढ़ाव और मौजूदा वैश्विक परिदृश्य को देखते हुए इस मुलाकात पर दुनियाभर की नजरें रहेंगी।
रवाना होने से पहले अपने वक्तव्य में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि फ्रांस भारत की रणनीतिक दृष्टि में विशेष स्थान रखता है। इस वर्ष की शुरुआत में राष्ट्रपति मैक्रों की भारत यात्रा के दौरान हमने अपने संबंधों को स्पेशल ग्लोबल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप तक ऊंचा उठाया था।







