Home » 2 करोड़ का नुकसान और फिर अफ्रीका से दुबई होते हुए भारत तक सोने की तस्करी
दिल्ली-एनसीआर देश

2 करोड़ का नुकसान और फिर अफ्रीका से दुबई होते हुए भारत तक सोने की तस्करी

रान्या राव का 100 करोड़ रुपये का ‘खेल’

नई दिल्ली। कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव से जुड़े एक बड़े गोल्ड स्मगलिंग मामले का खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि अफ्रीका से दुबई और फिर भारत तक फैले इस नेटवर्क के जरिए एक साल में करीब 100 करोड़ रुपये का सोना तस्करी कर लाया गया। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इस मामले में चार्जशीट दाखिल की है।

कैसे शुरू हुआ पूरा खेल?

ईडी की जांच के मुताबिक, रान्या राव और उनके सहयोगी तरुण कोंडुरु ने अफ्रीका से सोना खरीदने की योजना बनाई थी। उन्हें जानकारी मिली थी कि दुबई में बिकने वाला ज्यादातर सोना अफ्रीकी खदानों से आता है। इसके बाद उन्होंने दुबई में एक कंपनी बनाकर युगांडा, केन्या और तंजानिया में सोने के स्रोत तलाशने शुरू किए। शुरुआत में उन्होंने युगांडा के एक एजेंट के साथ 5 किलो सोने की डील की, लेकिन यह सौदा धोखाधड़ी निकला और उन्हें करीब 2 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

दुबई से भारत तक तस्करी का तरीका

नुकसान के बाद उन्होंने दुबई के दीरा गोल्ड सूक से सीधे सोना खरीदना शुरू किया। यहां ज्यादातर लेन-देन नकद में होता था। जांच में सामने आया कि तरुण कोंडुरु फर्जी दस्तावेज बनाकर दिखाते थे कि सोना किसी तीसरे देश भेजा जा रहा है, जबकि रान्या राव खुद इसे अपने पास छिपाकर भारत ले आती थीं। मार्च 2024 से मार्च 2025 के बीच उन्होंने करीब 15 बार दुबई से भारत यात्रा की और 127.87 किलो सोना, जिसकी कीमत करीब 102 करोड़ रुपये है, भारत पहुंचाया।

एयरपोर्ट पर कैसे बचती थीं?

जांच एजेंसियों के मुताबिक, रान्या राव एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की सौतेली बेटी हैं, जिसके कारण उन्हें वीआईपी प्रोटोकॉल का फायदा मिलता था। इसी वजह से वे कई बार आसानी से कस्टम जांच से बच निकलती थीं। बेंगलुरु एयरपोर्ट पर गिरफ्तारी के समय उनके पास से 14.2 किलो सोना बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 12.56 करोड़ रुपये थी।

ईडी ने इस मामले में 34 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति अटैच कर दी है। साथ ही उनके सहयोगियों और सोने के व्यापारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच एजेंसी का कहना है कि यह एक संगठित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क है, जिसकी गहराई से जांच जारी है और आने वाले समय में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Search

Archives