Home » शादी से लौट रहे परिवार की कार को तेज रफ्तार स्कोडा ने मारी टक्कर, 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत
छत्तीसगढ़

शादी से लौट रहे परिवार की कार को तेज रफ्तार स्कोडा ने मारी टक्कर, 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

महिला और दो बच्चे घायल

रायपुर। राजधानी रायपुर में तेज रफ्तार और कथित नशे में वाहन चलाने का मामला सामने आया है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अग्रसेन धाम चौक पर आधी रात स्कोडा कार और बलेनो के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बलेनो चला रहे 60 वर्षीय नरेंद्र सिंह भसीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

अग्रसेन धाम चौक पर आधी रात हुआ भीषण हादसा

जानकारी के मुताबिक, हादसा तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अग्रसेन धाम चौक पर हुआ। तेज रफ्तार स्कोडा कार ने बलेनो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बलेनो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

शादी समारोह से लौट रहा था परिवार

बताया जा रहा है कि नरेंद्र सिंह भसीन अपने परिवार के साथ नया रायपुर में आयोजित भतीजी की शादी में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में नरेंद्र सिंह की जान चली गई, जबकि महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल श्याम नगर के निवासी बताए जा रहे हैं।

स्कोडा कार छोड़कर फरार हुए चार युवक

हादसे में स्कोडा कार सवार युवक भी घायल हुए हैं। आरोप है कि टक्कर के बाद कार में सवार चारों युवक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्कोडा कार को जब्त कर लिया।

पुलिस कर रही फरार युवकों की तलाश

तेलीबांधा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार युवकों की पहचान और तलाश की जा रही है। हादसे में शराब के नशे में वाहन चलाने की आशंका भी सामने आई है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।