Home » ओडिशा से मथुरा जा रहा था गांजा, नगरनार पुलिस ने पति-पत्नी को पकड़ा, 4.25 लाख का माल जब्त
छत्तीसगढ़

ओडिशा से मथुरा जा रहा था गांजा, नगरनार पुलिस ने पति-पत्नी को पकड़ा, 4.25 लाख का माल जब्त

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नगरनार पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। दोनों ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश के मथुरा जा रहे थे। पुलिस ने उनके पास से 8 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो लोग ओडिशा से गांजा लेकर मथुरा की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही नगरनार पुलिस ने धनपुंजी आरटीओ नाका के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-63 पर घेराबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू की।

इसी दौरान पुलिस ने एक पति-पत्नी को रोककर उनके सामान की तलाशी ली। जांच के दौरान उनके बैग से गांजे के चार पैकेट मिले। वजन करने पर कुल 8 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

नगदी और मोबाइल फोन भी जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजे के साथ आरोपियों के कब्जे से नगदी और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 4 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है।

मथुरा के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेंद्र दास और उसकी पत्नी संचिता दास के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के मथुरा के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले में आगे की विवेचना जारी है।