Home » सिक्किम की निर्माणाधीन सुरंग पर लैंडस्लाइड : अब तक 10 शव बरामद, मुआवजे का ऐलान
देश

सिक्किम की निर्माणाधीन सुरंग पर लैंडस्लाइड : अब तक 10 शव बरामद, मुआवजे का ऐलान

सिक्किम के नामची जिले में एक निर्माणाधीन सुरंग लैंडस्लाइड की चपेट में आ गई। इस घटना को लेकर नामची की पुलिस अधीक्षक सोनम डोलमा ने बताया कि सुरंग के अंदर करीब 27 लोगों के फंसे होने की आशंका हैए जबकि अब तक 10 शव बरामद किए जा चुके हैं।

डोलमा ने कहा, “हमारे मौजूदा अनुमान के मुताबिक, करीब 27 लोग फंसे हुए थे। यह संख्या बदल सकती है, लेकिन हमारी जानकारी के आधार पर यह 27 है। अब तक हमने 10 शव बरामद किए हैं। हमने उनमें से ज़्यादातर की पहचान कर ली है, हालांकि तीन की पहचान अभी नहीं हो पाई है और प्रक्रिया जारी है।”

मौके पर कई एजेंसियां मौजूद :  उन्होंने आगे कहा, “कई राज्य एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं, साथ ही पाकयोंग और सिलीगुड़ी दोनों जगहों से NDRF की टीमें भी हैं। उनके एडिशनल SP भी ग्राउंड जीरो पर मौजूद हैं। रंगपो, पाकयोंग और सिंगतम की स्थानीय जिला पुलिस पास होने के कारण सबसे पहले पहुंची। फायर सर्विस और सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SSDMA) समेत अन्य विभाग भी इस अभियान में पूरी तरह से जुटे हुए हैं।” SP ने कहा कि भारी बारिश ने बचाव कार्यों में बाधा डाली है, सुरंग में पानी भरने से बचाव कर्मियों के लिए हालात और मुश्किल हो गए।

पीएम मोदी ने सीएम तमांग से की बात :  इससे पहले, सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुखद घटना के बाद स्थिति के बारे में जानने और चल रहे बचाव कार्यों की समीक्षा करने के लिए उनसे फोन पर बात की। X पर एक पोस्ट में, तमांग ने कहा, “नामची ज़िले के समरडुंग, झोलुंगे में NHPC तीस्ता स्टेज VI हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट की निर्माणाधीन सुरंग में हुई दुखद घटना के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्थिति और चल रहे बचाव कार्यों के बारे में जानने के लिए मुझसे बात की।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के “प्रभावित कर्मचारियों और उनके परिवारों के प्रति चिंता और सहानुभूति भरे शब्दों” और भारत सरकार की ओर से हर संभव मदद के भरोसे ने सिक्किम के लोगों को “बहुत हिम्मत और भरोसा” दिया है।

मुआवजे का ऐलान :  पीएम मोदी हादसे में हुई मौतों पर दुख जताया और मारे गए लोगों के परिवारों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपये की मुआवज़ा राशि देने का ऐलान किया। इसके अलावा पीएम ने इस घटना में घायल हुए लोगों के लिए भी 50,000 रुपये देने की घोषणा की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा, “सिक्किम के नामची में बन रही सुरंग के ढहने से हुई मौतों से दुखी हूं। मैं पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। मारे गए लोगों के परिवारों को PMNRF से 2 लाख रुपये की मुआवजा राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।”

अमित शाह ने भी सीएम से की बात :  वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से बात की है। अमित शाह ने नामची में बन रही एक सुरंग में हुए भूस्खलन के बाद हालात और चल रहे बचाव कार्यों के बारे में जानकारी ली। अभी तक घटनास्थल से 10 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने सीएम तमांग को बचाव कार्यों और प्रभावित लोगों की मदद के लिए हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

Search

Archives