इंदौर। खजराना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब महिलाओं ने एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर (SI) की जमकर पिटाई कर दी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, महिलाओं ने एसआई सुरेश बुनकर को डंडों से पीटा, उसे बिजली के खंभे से बांधने की कोशिश की और उसके कपड़े उतारने तक का प्रयास किया। खजराना टीआई मनोज सेंधव के मुताबिक एसआई बुनकर को पीटने के मामले में 4 नामजद पर हत्या के प्रयास के मामले में केस दर्ज किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार SI सुरेश बुनकर खेड़ी इलाके में एक महिला के घर में मौजूद था, जिसका अपने पति से विवाद चल रहा है। बताया जा रहा है कि पिछले दो महीनों से सुरेश उस महिला के संपर्क में था और उसके घर आना-जाना कर रहा था। गुरुवार सुबह महिला के परिजन और पड़ोसियों ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। लोगों का आरोप है कि सुरेश नशे में था और गालियां दे रहा था, साथ ही उसकी स्थिति आपत्तिजनक थी, जिससे लोगों का आक्रोश फूट पड़ा।
पलासिया से बुलाई गई अतिरिक्त फोर्स- एसआई की पिटाई की सूचना पर खजराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भारी भीड़ के विरोध के चलते प्रारंभ में वह कोई कार्रवाई नहीं कर सकी। बाद में पलासिया कंट्रोल रूम से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। अतिरिक्त बल के पहुंचने के बाद बड़ी मुश्किल से सुरेश बुनकर को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले जाया गया। इस दौरान पिटाई करने वाली कुछ महिलाओं को हिरासत में भी लिया गया है।
पहले भी पिट चुका है यह एसआई- दो साल पहले एसआई सुरेश बुनकर का नशे की हालत में ड्यूटी के दौरान कुछ युवाओं से विवाद हो गया था। लसूड़िया इलाके में सिंगापुर टाउन के पास यह घटना हुई थी। उस समय कुछ युवाओं ने उसकी जमकर पिटाई कर दी थी। इस दौरान बुनकर को काफी चोटें आई थीं। लसूड़िया पुलिस ने युवाओं पर केस दर्ज किया और इलाके में उनका जुलूस निकाला था। पता चला था कि एसआई युवाओं को धमकी-चमकी दे रहा था जिस पर विवाद हो गया था।







