Home » मंडला में सनसनीखेज हत्याकांडः पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति को उतारा मौत के घाट, दोनों गिरफ्तार
मध्यप्रदेश

मंडला में सनसनीखेज हत्याकांडः पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति को उतारा मौत के घाट, दोनों गिरफ्तार

जबलपुर। मंडला जिले के नारायणगंज में टिकरिया थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे किनारे युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। हत्या प्रेम प्रसंग के चलते की गई थी, जिसमें मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी की संलिप्तता सामने आई है। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

14 फरवरी को मधुवन ढाबा के पास एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। शव की पहचान जबलपुर निवासी सुमित काछी के रूप में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पांडेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

सुनाई लूट की झूठी कहानी

प्रारंभिक पूछताछ में मृतक की पत्नी जमुना उर्फ कविता ने लूट की कहानी गढ़ी, लेकिन सघन पूछताछ में सच्चाई सामने आ गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि जमुना के पड़ोसी सूर्यकांत त्रिपाठी से अवैध संबंध थे। सुमित द्वारा इस संबंध पर आपत्ति जताने के बाद दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बना डाली।

क्रिकेट बैट और धारदार हथियार से हमला

योजना के तहत 11 फरवरी की शाम मधुवन ढाबा के पास सूर्यकांत पहले से मौजूद था। विवाद के दौरान उसने सुमित पर क्रिकेट बैट से हमला किया। इसके बाद जमुना ने धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश की और पुलिस को गुमराह करने के लिए भ्रामक सूचना दी।

13 फरवरी को मृतक के भाई द्वारा गुमशुदगी दर्ज कराने और संदेह व्यक्त करने पर पुलिस ने जांच तेज की। तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर जमुना उर्फ कविता काछी (निवासी तिलवारा, जबलपुर) और सूर्यकांत त्रिपाठी (निवासी सिहोरा, जबलपुर) को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Search

Archives