Home » शीतला माता मंदिर के पास ट्रक ने श्रद्धालुओं को रौंदा, अब तक 18 की मौत, देर रात हुआ हादसा
मध्यप्रदेश

शीतला माता मंदिर के पास ट्रक ने श्रद्धालुओं को रौंदा, अब तक 18 की मौत, देर रात हुआ हादसा

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं पर शनिवार और रविवार की दरमियानी रात मौत बनकर एक तेज रफ्तार ट्रक टूट पड़ा। चीनौर रोड पर ढलान के पास अनियंत्रित हुए धान से भरे ट्रक ने सड़क किनारे मौजूद श्रद्धालुओं और दुकानों को कुचल दिया।

इसके बाद ट्रक मंदिर के प्रवेश द्वार और बाहरी दीवार से जा टकराया। हादसे में अब तक 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। घायलों में दो पुलिसकर्मी भी हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

रात करीब डेढ़ बजे हुआ हादसा, मंदिर के गेट से टकराया ट्रक
यह हादसा शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे चीनौर रोड पर ढलान के पास हुआ। बताया जा रहा है कि नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच रहे थे। इसी दौरान धान से भरा एक ट्रक नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे मौजूद श्रद्धालुओं और दुकानों को कुचलता हुआ मंदिर के प्रवेश द्वार तक पहुंच गया।

ट्रक की टक्कर इतनी भीषण थी कि मंदिर की बाहरी दीवार भी ढह गई। दीवार गिरने और ट्रक की चपेट में आने से कई लोग घायल हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, करीब 40 से 50 लोगों के मलबे में दबने की आशंका जताई गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन की टीमों के साथ मिलकर राहत-बचाव अभियान चलाया। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

Search