भोपाल। रायसेन जिले के सेहतगंज में स्थित सोम डिस्टलरीज में बाल श्रमिकों के काम करने की पुष्टि के बाद आबकारी आयुक्त ने फैक्ट्री का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। इसमें आसवानी (डी-एक), विदेशी मदिरा बाटलिंग, देशी मदिरा बाटलिंग, देशी मदिरा थोक प्रदाय लाइसेंस 20 दिवस या श्रम विभाग से प्रतिवेदन आने तक के लिए निलंबित किया गया है।
विभाग की रिपोर्ट आने पर कंपनी के विरुद्ध और कड़ी कार्रवाई हो सकती है। रायसेन कलेक्टर से प्राप्त प्रतिवेदन में बाल श्रमिक मिलने से सहित अन्य लाइसेंस शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर आबकारी आयुक्त ने बुधवार को यह कार्रवाई की है। बता दें कि राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो ने पिछले सप्ताह औचक निरीक्षण किया था। यहां 20 बालिकाएं और 39 बालक काम करते हुए मिले थे। इस आधार पर मेसर्स सोम डिस्टलरीज प्रा.लि., जिला रायसेन और उनके संचालकों के विरुद्ध 15 जून को स्थानीय थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी।







