सागर। मध्यप्रदेश के सागर से झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां जनसुनवाई के दौरान महिला ने आत्मदाह करने की कोशिश की। महिला का आरोप है कि झूठी शादी कर लंबे समय तक उसका शोषण किया गया है। गनीमत रही कि वहां तैनात महिला सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाई और महिला को समय रहते काबू में कर लिया। यह घटना प्रशासनिक व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा पर कई सवाल खड़े कर रही है।
जांच में सामने आया कि पीड़ित महिला सुब्रा मुखर्जी मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली है। सुब्रा का आरोप है कि सागर के रहली निवासी लोकेश तिवारी ने साल 2016 में उसे शादी का झांसा दिया और लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया। महिला के अनुसार, लोकेश ने 2022 में उससे एक कथित ’झूठी शादी’ की और उसे सागर ले आया। लेकिन अब आरोपी ने उसे साथ रखने से साफ इनकार कर दिया है, जिससे परेशान होकर वह दर-दर न्याय के लिए भटक रही है।
पीड़िता ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि यह पहली बार नहीं है, जब उसने न्याय की मांग की है। इससे पहले भी उसने कई बार शिकायत करने की कोशिश की, लेकिन हर बार आरोपी उसे साथ रखने का झूठा भरोसा दिलाकर शिकायत वापस लेने के लिए मना लेता था। लगातार मिल रहे धोखे और मानसिक प्रताड़ना ने सुब्रा को इस कदर तोड़ दिया कि उसने कलेक्टर कार्यालय में ही आत्मघाती कदम उठा डाला।
मामले में जांच के निर्देश जारी
इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद कलेक्ट्रेट में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मौके पर मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों ने महिला को समझा-बुझाकर शांत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना हैं कि आरोपी के खिलाफ तथ्यों के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की जड़ तक जाने के लिए साक्ष्य जुटा रही है, जिससे पीड़िता को न्याय मिल सकें।







