Home » एक ही रात में दो मोबाइल टावर में चोरी, नेटवर्क सेवा हुई प्रभावित
कोरबा छत्तीसगढ़

एक ही रात में दो मोबाइल टावर में चोरी, नेटवर्क सेवा हुई प्रभावित

कोरबा। जिले में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। अज्ञात चोरों ने एक के बाद एक दो मोबाइल टावरों को निशाना बनाया है। जानकारी के अनुसार ग्राम कसईपाली स्थित मोबाइल टावर में चोरी के बाद ग्राम सलिहापारा स्थित निजी टेलिकॉम कम्पनी के मोबाइल टावर में भी चोरी की वारदात सामने आई है।

बताया जा रहा हैं की ग्राम सलिहापारा के मोबाइल टावर में घुसे अज्ञात चोर मेन्स केबल और डीसी कॉपर केबल काटकर अपने साथ ले गए। चोरों ने टावर परिसर में लगे सोलर पैनलों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। केबल चोरी और उपकरणों को नुकसान पहुंचाने के कारण मोबाइल नेटवर्क सेवा करीब 10 घंटे तक प्रभावित रही। घटना से संबंधित तकनीकी उपकरणों में नुकसान होने के साथ कंपनी को आर्थिक क्षति का अनुमान है।

एक ही रात में दो मोबाइल टावरों को निशाना बनाए जाने से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को लेकर दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार ग्राम चाकाबुड़ा, जवाली, बुंदेली, कसाइपाली, सलिहापारा सहित आसपास के ग्रामों में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और मोबाइल टावरों सहित सुनसान स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Search

Archives