Home » खपरैल के बीच छिपा था 10 फीट लंबा किंग कोबरा, टॉर्च की रोशनी में किया गया रेस्क्यू
कोरबा

खपरैल के बीच छिपा था 10 फीट लंबा किंग कोबरा, टॉर्च की रोशनी में किया गया रेस्क्यू

कोरबा/रजगामार।  रजगामार क्षेत्र के केसला गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब किसान मगत राम  की नजर घर की बाड़ी में रखे खपरैल के बीच किंग कोबरा पर पड़ी। सांप को देखते ही किसान के होश उड़ गए। करीब 10 फीट लंबा किंग कोबरा घर के देवस्थल के पास छिपा हुआ था।  देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए।

इसके बाद इसकी जानकारी लोगों ने तत्काल वन विभाग को दी। साथ ही रेस्क्यू टीम प्रमुख और नोवा नेचर के सदस्य जितेंद्र सारथी को भी जानकारी दी गई। रेस्क्यू के दौरान पूरे गांव में बिजली गुल थी। ऐसे में खपरैल के बीच छिपे विशाल किंग कोबरा को सुरक्षित बाहर निकालना टीम के लिए चुनौतीपूर्ण था। थोड़ी सी लापरवाही रेस्क्यू टीम और आसपास मौजूद लोगों के लिए खतरा पैदा कर सकती थी।
टॉर्च की रोशनी में सुरक्षित रेस्क्यू :  वन मंडलाधिकारी प्रेमलता यादव के निर्देश और उपवनमंडलाधिकारी रामसिंह राठिया के मार्गदर्शन में वन विभाग के कर्मचारियों और रेस्क्यू टीम ने कार्रवाई शुरू की। रेस्क्यू टीम के जितेंद्र सारथी और बॉबी श्रीवास ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए टॉर्च की रोशनी में काफी मशक्कत के बाद किंग कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाला और उसे थैले में रखा। इसके बाद नियमानुसार पंचनामा तैयार कर किंग कोबरा को उसके प्राकृतिक रहवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
वन विभाग ने ग्रामीणों से की अपील :  रजगामार प्रभारी कमलेश कुम्हार ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर उसे मारने या पकड़ने का प्रयास न करें। तत्काल वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों या अधिकृत रेस्क्यू टीम को सूचना दें, ताकि वन्यजीव को सुरक्षित रेस्क्यू कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।

Search

Archives