कोरबा। बुधवार को पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत चैतमा स्थित डिस्पोजल फैक्ट्री के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने बाइक को ठोकर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, वहीं तीन लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, बाइक पर 3 लोग सवार थे और सामने से आ रही अर्टिगा कार से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। कार में सवार 2 लोग भी इस हादसे में घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से कटघोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां बाइक सवार घायल की हालत गंभीर होने के कारण उसे शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही चैतमा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पहचान की कार्रवाई शुरू की। अभी तक मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने बताया कि तेज रफ्तार ही हादसे का मुख्य कारण है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ।