कोरबा। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले में चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत ओरिएंटल कॉलेज ऑफ नर्सिंग, मानिकपुर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में कॉलेज के डायरेक्टर आर.के. गर्ग, प्राचार्या श्रीमती रचना मैडम एवं लगभग 120 छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान निरीक्षक एवं साइबर पुलिस थाना प्रभारी ललित कुमार चंद्रा एवं साइबर से वीरकेशवर प्रताप सिंह द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओं को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी किस प्रकार लोगों को अपनी बातों में फंसाकर अलग-अलग माध्यमों से धोखाधड़ी करते हैं तथा साइबर ठगी से बचने के लिए किन सावधानियों को अपनाना आवश्यक है।
इस दौरान OTP फ्रॉड, फर्जी लिंक, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, KYC अपडेट के नाम पर ठगी, ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड, फर्जी निवेश एवं लोन ऑफर, सोशल मीडिया के माध्यम से ठगी, फर्जी नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के बारे में उदाहरण सहित जानकारी दी गई।
साइबर सेल प्रभारी द्वारा छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM PIN, CVV, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक न करें, संदिग्ध मोबाइल एप डाउनलोड न करें तथा सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा एवं गोपनीयता का विशेष ध्यान रखें।
साथ ही साइबर अपराध का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवा वर्ग को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा साइबर ठगी की घटनाओं को रोकने में आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम के अंत में कॉलेज प्रबंधन एवं उपस्थित छात्र-छात्राओं द्वारा साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करने के लिए पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया गया।







