दुर्ग-भिलाई । प्रीमियम ब्रांड की नकली सिगरेट बेचने के आरोप में दो व्यापारी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एसएसडी ट्रेडर्स की दुकान और गोदाम में कार्रवाई कर करीब 2 लाख 7 हजार रुपए कीमत की 18 हजार नकली सिगरेट और पैकिंग से जुड़ी सामग्री बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर बुधवार को न्यायालय में पेश किया।
जांच के दौरान पुलिस को बड़ी संख्या में नकली सिगरेट बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा कंपनी के ब्रांड नाम और पहचान का इस्तेमाल कर असली उत्पाद जैसी पैकिंग में नकली सिगरेट तैयार कर बेची जा रही थी। बरामद सिगरेट की कुल संख्या करीब 18 हजार बताई गई है, जिनकी कीमत करीब 2 लाख 7 हजार रुपए आंकी गई है। पैकेटों पर 115 रुपए एमआरपी और क्यूआर कोड भी अंकित था। पुलिस का कहना है कि पैकिंग पर कंपनी के नाम और पहचान का इस्तेमाल किया गया था।
मामले में पुलिस ने विशाल जसवानी और निखिल सिहानी को गिरफ्तार कर दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी और कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को बुधवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस मामले में नकली सिगरेट की सप्लाई और बिक्री से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।







