कोरबा। कोरबा जिले के रहने वाले युवक का शव बीना रेलवे स्टेशन पर पुष्पक एक्सप्रेस के जनरल कोच के टॉयलेट की खिड़की से फंदे पर लटका मिला। तलाशी के दौरान मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान गोरावर सिंह (30), पिता कुंजीलाल, निवासी कलीन चौक पदनिया, जिला कोरबा के रूप में की गई हैं।
जानकारी के अनुसार ट्रेन में सफर कर रहे कुछ यात्रियों ने जीआरपी को बताया कि युवक भोपाल रेलवे स्टेशन से ट्रेन के गेट पर बैठकर यात्रा कर रहा था। फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया और मौत के कारणों की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन नंबर 12534 पुष्पक एक्सप्रेस गुरुवार रात करीब 10 बजे भोपाल रेलवे स्टेशन से रवाना हुई थी। ट्रेन का अगला निर्धारित ठहराव ललितपुर था। इसी दौरान रात करीब 12 बजे ट्रेन के गार्ड की नजर जनरल कोच के शौचालय की खिड़की पर फंदे से लटके युवक पर पड़ी।
गार्ड की सूचना पर बीना स्टेशन पर रोकी गई ट्रेन
इसके बाद गार्ड ने फौरन रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही ट्रेन को बीना रेलवे जंक्शन पर रोकने का फैसला लिया गया। सूचना मिलने के बाद ट्रेन को बीना रेलवे जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर रोका गया। पहले से मौके पर मौजूद जीआरपी ने शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए बीना के सिविल अस्पताल भेजा।
आधार कार्ड से हुई मृतक की पहचान
बताया जा रहा हैं की पुलिस ने मौके से मृतक के सामान की तलाशी ली, जिसमें मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान गोरावर सिंह (30), निवासी कोरबा (छत्तीसगढ़) के रूप में की गई। जीआरपी की शुरुआती पूछताछ में ट्रेन में सफर कर रहे कुछ यात्रियों ने बताया कि वह भोपाल रेलवे स्टेशन से ही जनरल कोच में सवार हुआ था। यात्रियों के मुताबिक वह काफी देर तक कोच के गेट के पास बैठकर यात्रा कर रहा था। इसके बाद वह कब शौचालय की ओर गया और यह घटना कैसे हुई, इसकी किसी को जानकारी नहीं है। पुलिस यात्रियों के बयान दर्ज कर रही है।
जीआरपी ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हर पहलु से जांच कर रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। साथ ही मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके बयानों को भी जांच में शामिल किया जाएगा।







