Home » बिलासपुर में दिल दहलाने वाला हादसा: डिवाइडर से टकराते ही लोहे का पाइप पेट के आरपार
छत्तीसगढ़

बिलासपुर में दिल दहलाने वाला हादसा: डिवाइडर से टकराते ही लोहे का पाइप पेट के आरपार

बाइक सवार तीन युवक गंभीर

बिलासपुर। बिलासपुर-मुंगेली मार्ग पर कानन पेंडारी के समीप गुरूवार की रात करीब 11 बजे एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। डिवाइडर में लगा लोहे का पाइप बाइक सवार युवकों के शरीर में घुस गया। हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार प्रियांशु ज्ञानिक 24 वर्ष पिता स्वर्गीय अनिल ज्ञानिक, वरदार जॉन 22 वर्ष पिता आशीष जॉन तथा अब्राहम जॉन पिता उत्तम जॉन, निवासी पेंड्रीडीह, जरहागांव जिला मुंगेली बाइक सीजी 28 एस 8172 में सवार होकर गुरूवार रात 11 बजे के आसपास बिलासपुर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कानन पेंडारी के पास उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भयावह था कि प्रियांशु ज्ञानिक के पेट में डिवाइडर का पाइप घुस गया, जबकि वरदान जॉन के पेट को पाइप आरपार चीरते हुए निकल गया।

हादसे की सूचना मिलते ही डॉयल 112 और संबंधित थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अब्राहम जॉन और वरदान जॉन को पहले उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया। जबकि प्रियांशु ज्ञानिक को उनके परिजन सीधे अपोलो अस्पताल लेकर पहुंचे। वरदान जॉन की हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण उन्हें भी सिम्स से अपोलो अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।

Search

Archives