फर्जी कंसल्टेंसी पर एफआईआर दर्ज
बिलासपुर। उच्च शिक्षा के नाम पर ऑनलाइन ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। तारबाहर थाना क्षेत्र की रहने वाली 12वीं की छात्रा ऋषिका तिवारी से ट्रिपल आईटी हैदराबाद में प्रवेश दिलाने का झांसा देकर 12 लाख की ठगी कर ली गई। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन मोबाईल नंबरों के धारकों के खिलाफ धारा 318(4) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित छात्रा ऋषिका तिवारी ने पुलिस को बताया कि उसने अच्छे कॉलेज में प्रवेश के लिए गुगल और सोशल मीडिया पर जानकारी खोजी थी। इसी दौरान उसे प्राइम पाथ एडमिशन नामक एडमिशन कंसन्टेंसी का संपर्क मिला। कंसल्टेंसी के प्रतिनिधियों ने दावा किया कि एसएटी परीक्षा के माध्यम से उसका ट्रिपल आईटी हैदराबाद में प्रवेश सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने परीक्षा का फार्म भरवाया और भरोसा दिलाया कि प्रवेश निश्चित हैै।
शिकायत के अनुसार 6 जून को पुणे में एसएटी परीक्षा देने के बाद कंसन्टेंसी के प्रतिनिधियों से मुलाकात हुई, जहां उनके कहने पर आरटीजीएस के माध्यम से 4 लाख रूपये जमा कराए गए। इसके बाद 7 जुलाई को हैदराबाद के गाचीबोली स्थित एक होटल में बुलाकर शेष 8 लाख रूपये भी आरटीजीएस के जरिए जमा करा लिए गए। आरोपियों ने दो सप्ताह के भीतर एडमिशन लेटर देने का आश्वासन दिया।
पीड़िता का कहना है कि 27 जुलाई तक आरोपी व्हाट्एप कॉल और संदेशों के जरिए संपर्क में रहे, लेकिन बाद में उन्होंने बताया कि प्रवेश नहीं हो पाया है और पूरी राशि वापस करने का भरोसा दिया। 28 जुलाई की शाम से सभी आरोपियों के मोबाइल बंद हो गए और उनसे किसी भी माध्यम से संपर्क नहीं हो सका। पीड़िता ने बैंक लेनदेन, व्हाट्सएप चैट, कॉल रिकॉर्डिंग सहित अन्य साक्ष्य भी पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही। तारबाहर पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।







