1 वर्ष पूर्व भी हुई थी युवतियों से लूट और ब्लेड मारने की घटना
कोरबा। सीएसईबी चौक से पंप हाउस जाने वाले रास्ते में एक नर्स पर शुक्रवार की दोपहर चाकू से प्राणघातक हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार जिले के किसी पैथोलॉजी में नर्स का काम करने वाली लगभग 25 वर्ष की एक युवती अपने घर जा रही थी। वह पंप हाउस कॉलोनी के समीप पहुंची ही थी, तभी पीछे से दो युवक पहुंचे और चाकू से हमला कर दिया।
आसपास के लोग इन युवकों को पकड़ पाते, इससे पहले ही वह फरार हो गए। लहुलुहान युवती को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। एक वर्ष पूर्व में भी पंप हाउस क्षेत्र में दो छात्राओं पर इसी तरह का हमला हुआ था। जिसकी रिपोर्ट भी सीएसईबी चौकी में दर्ज कराई गई थी।
एक वर्ष पूर्व की घटना पर एक नजर
पहली घटना आत्मानंद पब्लिक स्कूल की 12वीं कक्षा की छात्रा के साथ हुई. छात्रा सुबह 10 बजे स्कूल के लिए घर से निकली थी, तभी दो नकाबपोश बाइक सवारों ने उसका रास्ता रोककर चेहरे और हाथ पर ब्लेड से हमला कर दिया था। इस हमले के बाद आरोपी तुरंत भाग निकले. हमले में छात्रा को गंभीर चोटें आई हैं. मौके पर मौजूद लोगों ने मदद के लिए शोर मचाया, लेकिन बदमाश तेज़ी से बाइक पर फरार हो गए।
दूसरी घटना में प्रिया साहू नाम की एक छात्रा को निशाना बनाया गया, जो कॉलेज से वापस लौट रही थी। पंप हाउस 15 ब्लॉक अटल आवास के पास कुछ बदमाशों ने उसे रोका, उस पर हमला किया और उसके हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गए। इस वारदात से वहां हड़कंप मच गया, और स्थानीय लोग डर से सहम गए। पंप हाउस क्षेत्र में युवतियों पर हो रहे हमले से वार्ड वासियों में गहरा रोष नजर आ रहा है, स्थानीय लोग अपनी बेटियों के सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे है।







