Home » मंदिर परिसर में श्रद्धालु के साथ मारपीट : एसपी ने चार पुलिसकर्मियों को किया निलंबित
झारखंड

मंदिर परिसर में श्रद्धालु के साथ मारपीट : एसपी ने चार पुलिसकर्मियों को किया निलंबित

झारखंड। प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर परिसर में एक श्रद्धालु युवक के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। इस मामले में एसपी ने चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब एक परिवार छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए पहुंचा था। आरोप है कि मंदिर परिसर में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने परिवार के साथ बदसलूकी की और एक युवक के साथ मारपीट की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, परिवार के पुरुष सदस्य को पुलिसकर्मियों ने बेरहमी से पीटा, जिससे वहां मौजूद लोगों में नाराजगी फैल गई।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में कथित तौर पर पुलिसकर्मियों द्वारा युवक के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट करते हुए देखा गया। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी।

जानें इन चार पुलिसकर्मियों के नाम
मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ के एसपी अजय कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया। निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में श्याम लाल महतो, राधेश्याम कुजूर, बहादुर उरांव और जॉनसन सुरीन शामिल हैं।

एसपी ने कहा कि मामले की विभागीय जांच भी कराई जा रही है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस के व्यवहार को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Search