लातेहार। लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरसा घाटी में बस पलट गई। अपुष्ट सूत्रों की मानें तो इस हादसे में कई लोगों के हताहत होने की सूचना है। थाना प्रभारी मनोज कुमार घटनास्थल पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुटे।
मिली जानकारी के अनुसार बस छत्तीसगढ़ से रवाना होकर झारखंड जा रही थी। हादसे में 5 लोगों की मौत बताई जा रही है, वहीं 25 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घटना जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरसा घाटी में रविवार को हुई। ग्रामीणों के अनुसार, पांच लोगों की मौत हुई है। हालांकि, अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, वहीं सभी घायलों का महुआडांड़ अस्पताल में इलाज किया जा रहा है, इनमें कई की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है।
इधर, घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही एसडीएम विपिन कुमार दुबे ने प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट किया। एसडीएम के आदेश पर महुआडांड़, गारू और नेतरहाट की पूरी स्वास्थ्य टीम एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंच चुकी है और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। इस मामले में स्थानीय लोगों ने भी मानवता का परिचय देते हुए अपने निजी वाहनों से भी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
सभी को पहुंचाया गया अस्पताल : महुआडांड़ एसडीएम विपिन कुमार दुबे ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद तत्काल स्वास्थ्य विभाग की टीम को एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर भेजा गया। घायलों को तत्काल अस्पताल लाया गया. लगभग 25 से अधिक घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में चिकित्सकों के द्वारा सभी का इलाज किया जा रहा है। चिकित्सकों की जांच के बाद ही आगे कुछ कहा जा सकता है।
बताया जा रहा है बस में 80 लोग सवार थे। अभी तक 5 महिलाओं के शव बरामद किए गए हैं। बस के नीचे अभी और शव मिलने का अनुमान है। बस के नीचे कुछ घायलों के दबे होने की सूचना है। वहीं बस पलटने के बाद प्रखंड के कई लोकल क्लिनिक के प्रैक्टिशनर भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। दुर्घटनाग्रस्त बस ज्ञान गंगा हाई स्कूल बलरामपुर की स्कूल बस है।







