Home » व्यवसायी से 30 लाख रूपए लूट का मामला : कुरियर कंपनी का कर्मी निकला मास्टरमाइंड, चार आरोपी गिरफ्तार
झारखंड

व्यवसायी से 30 लाख रूपए लूट का मामला : कुरियर कंपनी का कर्मी निकला मास्टरमाइंड, चार आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर। चार सितंबर को गुरुद्वारा के पास कारोबारी साकेत अगिवाल से 30 लाख रुपये लूट मामले में चार लुटेरों को जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही 10 लाख, 69 रुपये, घटना में प्रयुक्त इनोवा कार, पिस्तौल और चार मोबाइल की बरामदगी की गई है।

पुलिस ने शुक्रवार को पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर एसआइटी का गठन किया गया था। टीम ने 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जिसके बाद अपराधियों की पहचान की गई। तकनीकी सेल की भी मदद ली गई। अलग-अलग इलाके से अपराधियों की गिरफ्तारी की गई है। इनमें राकेश कुमार उर्फ पकौड़ी, कमलेश दुबे, सुधीर बेहरा और गणेश कुंभकार शामिल है। कदमा रानीकुदर निवासी कमलेश दुबे जो कुरियर कंपनी में काम करता है ने ही पकौड़ी को जानकारी दी थी कि कारोबारी कब-कब रुपये लेकर बैंक जाता है।

इसी जानकारी के बाद पकौड़ी ने साथियों की मदद से लूट की योजना बनाई। फिर रेकी कर घटना को अंजाम दिया। रुपये भरा बैग राकेश उर्फ पकौड़ी ने ही कारोबारी साकेत अगिवाल से छीना था। उसके बाद हवाई फायरिंग भी उसी ने ही की थी। कमलेश दूबे बिष्टुपुर में एक कूरियर कंपनी में काम करता है। फिलहाल पुलिस ने चार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, आगे की कार्रवाई जारी है।

Search

Archives