Home » यरुशलम में भारतीय मजदूर की हत्या, फ्लैट में खून से लथपथ मिली लाश, इजरायली नागरिक गिरफ्तार
दुनिया

यरुशलम में भारतीय मजदूर की हत्या, फ्लैट में खून से लथपथ मिली लाश, इजरायली नागरिक गिरफ्तार

यरुशलम। इजरायल में काम करने वाले एक भारतीय व्यक्ति का शव यरूशलेम के कटामोन इलाके एक अपार्टमेंट में मिला है। स्थानीय मीडिया ने पुलिस के हवाले से बताया कि 40 वर्षीय व्यक्ति का शव घर के फर्श पर पड़ा मिला और उसके चारों ओर खून फैला हुआ था। मोरियाह पुलिस स्टेशन के प्रमुख युवल रूवेन ने बताया कि पुलिस को पीड़ित का शव घर में पड़ा हुआ, जिसके चारों ओर काफी खून फैला था। पुलिस ने कहा कि मौत की असली वजह अभी साफ नहीं है।

इजरायली अधिकारियों ने अभी तक पीड़ित की पहचान जाहिर नहीं की है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है। जांच से आपराधिक पहलू का संकेत मिलता है। पुलिस ने दक्षिणी शहर इलात के एक 31 वर्षीय व्यक्ति को हत्या में शामिल होने के शक में गिरफ्तार किया है। संदिग्ध को पूछताछ के लिए ले जाया गया है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, अक्टूबर 2024 तक इजरायल में लगभग 32,000 भारतीय कामगार थे। मंत्रालय ने बताया कि इनमें से लगभग 12,000 भारतीय अक्टूबर 2023 के बाद पहुंचे। नवंबर 2023 में हुए द्विपक्षीय समझौते के तहत 6,365 भारतीय 2024 में इजरायल पहुंचे, जबकि बाकी लोग निजी माध्यमों से गए।

फरवरी में भारत और इजरायल इस बात पर सहमत हुए थे कि अगले पांच वर्षों में 50,000 और भारतीय कामगार इजऱाइल आ सकते हैं। यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच हुई बैठक में लिया गया था। दोनों प्रधानमंत्रियों ने इजराइल में भारतीय कामगारों के योगदान को सराहा था। इजराइल में भारतीय मुख्य रूप से निर्माण और देखभाल यानी केयरगिवर के क्षेत्रों में काम करते हैं।

Search

Archives