सलमान खान के लोकप्रिय टीवी रियलिटी शो बिग बॉस के प्रीमियर की तारीख और समय सामने आ गए हैं। सीरियल के नए प्रोमो में सलमान खान ने सामने आकर इस शो से जुड़ी बड़ी जानकारी साझा की है।
मेकर्स की ओर से शेयर किए गए इस नए प्रोमो में सलमान खान बोल रहे हैं कि ‘जब हम साथ-साथ होते हैं, तब और भी ज्यादा ठाठ होते हैं। इसलिए बिग बॉस फैमिली के साथ ही देखिएगा।’ इसके साथ ही कैप्शन में लिखा है, ‘राजनीति के दौर में पॉवर आएगी किसके हाथ, तैयार हो जाइए देखने के लिए बिग बॉस फैमिली के साथ।’ बिग बॉस का ग्रैंड प्रीमियर इस रविवार यानी 24 अगस्त को रात साढ़े 10 बजे से होगा। इस बार बिग बॉस टीवी पर कलर्स के साथ-साथ ओटीटी पर जियो हॉटस्टार पर भी स्ट्रीम होगा। ओटीटी पर शो 9 बजे से आएगा, जब टीवी पर साढ़े 10 बजे से देखने को मिलेगा।
इस बार ‘बिग बॉस 19’ में कई बदलाव किए गए हैं। इस बार का शो पूरी तरह से राजनीति पर आधारित होगा, जिसमें डेमोक्रेसी का अनूठा तड़का देखने को मिलेगा। जानकारी के मुताबिक, इस सीजन में कैप्टन की जगह लीडर चुना जाएगा। खबर है कि घर दो दलों में बंटा होगा और लीडर का चुनाव इन दलों के बीच हुए चुनाव के माध्यम से होगा।
इन नामों की है चर्चा, अब तक फाइनल नहीं हुए कंटेस्टेंट- शो के शुरू होने की तारीख का एलान कर दिया गया है, लेकिन अभी तक शो के कंटेस्टेंट के नामों की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। कई नामों को लेकर चर्चा जरूर चल रही है, लेकिन मेकर्स की ओर से अब तक इन नामों की पुष्टि नहीं की गई है। जिन नामों की चर्चा चल रही है, उनमें गौरव खन्ना, अशनूर कौर, शहबाज बडेशा, हुनर हाली, आवेज दरबार, नगमा मिराजकर, अभिषेक बजाज, जीशान कादरी, बसीर अली, अपूर्वा मखीजा और पूरव झा जैसे नाम शामिल हैं। हालांकि, कंटेस्टेंट के फाइनल नाम प्रीमियर पर ही पता चलेंगे।
इस बार अकेले सलमान नहीं करेंगे होस्ट- ‘बिग बॉस 19’ को लेकर एक बड़ा बदलाव ये भी सुनने में आ रहा है कि इस बार यह शो अकेले सलमान खान होस्ट नहीं करेंगे। जानकारी के मुताबिक, सलमान खान के अलावा दो और होस्ट को भी साइन किया गया है। इनमें सलमान के साथ करण जौहर और फराह खान के ‘बिग बॉस 19’ को होस्ट करने की चर्चा है। वहीं इस बार शो की टाइमिंग भी लंबी है। इस बार यह 3 नहीं बल्कि 5 महीने तक चलेगा। हालांकि, अभी तक ये ऑफिशियली नहीं बताया गया है।







