Home » खेत में मृत पाए गए 10 मोर, मचा हड़कंप, वन विभाग ने शुरू की जांच
दिल्ली-एनसीआर

खेत में मृत पाए गए 10 मोर, मचा हड़कंप, वन विभाग ने शुरू की जांच

गाजियाबाद । दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। गाजियाबाद के एक गांव में 10 मोर मृत पाए गए हैं। इससे वन विभाग में हड़कंप मच गया है। एक मोर बेहोश अवस्था में बरामद किया गया है।  वन विभाग की टीम ने घटना स्थल से सैंपल भी इकट्ठा किए हैं।

पशु चिकित्सकों की टीम घटनास्थल पर पहुंची : घटना का पता तब चला जब पचायारा गांव के एक किसान ने अपनी गेहूं की फसल की जांच करते समय गिरे हुए पक्षियों को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने वन विभाग को सूचना दी, जो पशु चिकित्सकों के साथ घटनास्थल पर पहुंची।

मामले की अधिक जानकारी देते हुए वन विभाग के उप-मंडल अधिकारी (SDO) सलोनी ने कहा कि मूली के खेत में मिले 11 मोरों में से 10 की पहले ही मौत हो चुकी थी। एक पक्षी जीवित पाया गया जिसे प्राथमिक चिकित्सा देने के बाद आगे के विशेष उपचार के लिए ले जाया गया है।

कराया जा रहा पोस्टमॉर्टम :  उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि पक्षियों ने कीटनाशक जैसे अपचनीय या जहरीले पदार्थ का सेवन किया होगा या दूषित पानी पिया होगा। सलोनी ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ताकि मौत का सही कारण पता चल सके।  मंडल वन अधिकारी (DFO) ईशा सिंह ने बताया कि टीम के साथ आए फोरेंसिक विशेषज्ञों ने प्रयोगशाला परीक्षण के लिए आसपास के क्षेत्र से मिट्टी और पानी के सैंपल एकत्र किए हैं। खास बात यह है कि पक्षियों के शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं मिले।

स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री मालिकों को बताया जिम्मेदार :  वहीं, इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया है, जो इनकी मौत के लिए फैक्ट्री मालिकों के लापरवाही को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पड़ोसी बागपत जिले के उद्योगों से निकलने वाले जहरीले पानी स्थानीय नालों और यमुना नदी में बहाया जा रहा है। एक निवासी ने दावा किया कि इस पानी को पीने से जानवर और पक्षी अक्सर मर रहे हैं।

एक ग्रामीण बोला, मोरों को दिया गया जहर :  वहीं, घटनास्थल पर पहुंचे एक ग्रामीण रविंद्र सिंह ने साजिश का आरोप लगाते हुए कहा कि पक्षियों को जहर दिया गया था। उन्होंने बताया कि जहां मोर मिले थे, उसके आसपास से कीटनाशक के कई खाली पैकेट और बोतलें बरामद की गई हैं।

Search

Archives